बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की हेराफेरी के बाद बड़ा बदलाव, अब बिना जेब की ड्रेस में होगी नोटों की गिनती

  1. Home
  2. Char Dham Yatra

बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की हेराफेरी के बाद बड़ा बदलाव, अब बिना जेब की ड्रेस में होगी नोटों की गिनती

श्री बद्रीनाथ मंदिर


चमोली(उत्तराखंड पोस्ट) बद्रीनाथ धाम में दान और चढ़ावे की गणना के दौरान कथित हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद बद्री-केदार मंदिर समिति (BKTC) ने सुरक्षा और पारदर्शिता को मजबूत करने के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। समिति ने चढ़ावा गणना की वर्षों पुरानी व्यवस्था में बदलाव करते हुए कर्मचारियों के लिए बिना जेब वाली ड्रेस अनिवार्य कर दी है।
 

अब बिना जेब की ड्रेस पहनकर होगी नोटों की गिनती
 

BKTC के नए निर्देशों के अनुसार, चढ़ावे की गणना में शामिल अधिकारी और कर्मचारी बिना जेब वाले कपड़े पहनेंगे। इसके अलावा उन्हें गणना स्थल पर कोई भी निजी सामान ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इस कदम का उद्देश्य चढ़ावे की गणना को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाना है।


CCTV निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था हुई मजबूत

समिति ने थाली भेंट गणना स्थल पर लगे CCTV कैमरों की संख्या एक से बढ़ाकर तीन कर दी है। पूरी प्रक्रिया पर कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत मंदिर अधिकारियों को दी जाएगी।


गणना के दौरान पांच कर्मचारियों की मौजूदगी होगी अनिवार्य

चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के बाद अब गणना के समय कम से कम पांच कर्मचारियों की मौजूदगी अनिवार्य कर दी गई है। वहीं, गणना में सहयोग करने वाले साधु-संतों, श्रद्धालुओं और अन्य नागरिकों की पहले तलाशी ली जाएगी। इसके बाद ही उन्हें गणना स्थल में प्रवेश मिलेगा।


सभी लोगों का रिकॉर्ड रखा जाएगा

BKTC ने निर्णय लिया है कि गणना में शामिल सभी अधिकारी, कर्मचारी और अन्य सहयोगियों का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। इससे पूरी प्रक्रिया की जवाबदेही सुनिश्चित होगी और भविष्य में किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना कम होगी।


BKTC अध्यक्ष ने क्या कहा?

BKTC के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि नए CCTV कैमरे गणना प्रक्रिया की हर गतिविधि रिकॉर्ड करेंगे। उन्होंने कहा कि मंदिर समिति अन्य सुझावों पर भी विचार कर रही है, ताकि चढ़ावा गणना व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाया जा सके।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे