चारधाम यात्रा | शुभ मुहूर्त में खुले भगवान बदरीनाथ धाम के कपाट, हजारों लोग बने पावन पल के साक्षी

  1. Home
  2. Char Dham Yatra

चारधाम यात्रा | शुभ मुहूर्त में खुले भगवान बदरीनाथ धाम के कपाट, हजारों लोग बने पावन पल के साक्षी

Badrinath Dham

श्रद्धालु अब छह माह यहीं भगवान बदरी विशाल के दर्शन और पूजा कर सकेंगे। हजारों श्रद्धालु इस पावन पल के साक्षी बने। कपाट खुलते ही धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। दो दिन पहले ही केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का आगाज हो गया था जिसके बाद आज बदरीनाथ धाम के कपाट भी खुल गए हैं।


 

बदरीनाथ धाम (उत्तराखंड पोस्ट)  रविवार को बदरीनाथ धाम के कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। रविवार सुबह 6 बजे शुभ मुहूर्त में मंत्रोचारण के बीच भगवान बद्री विशाल के कपाट खुलने के साथ ही अब श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर सकेंगे।

श्रद्धालु अब छह माह यहीं भगवान बदरी विशाल के दर्शन और पूजा कर सकेंगे। हजारों श्रद्धालु इस पावन पल के साक्षी बने। कपाट खुलते ही धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। दो दिन पहले ही केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का आगाज हो गया था जिसके बाद आज बदरीनाथ धाम के कपाट भी खुल गए हैं।

विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट आज शुभ मुहूर्त पर प्रातः 6ः00 बजे पूरे विधि विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खुल गए हैं। हजारों भक्त इस पावन पल के साक्षी बने। बदरीनाथ कपाट खुलने के मौके पर विशेष पूजा अर्चना की गई।

 

श्री बदरीनाथ धाम में ब्रह्म बेला पर सुबह चार बजे से कपाट खुलने की प्रक्रिया शुरू हुई। हल्की बारिश के बीच आर्मी बैंड की मधुर धुन एवं ढ़ोल नगाड़े की थाप और स्थानीय महिलाओं के पारम्परिक संगीत और नृत्य के साथ भगवान बद्री विशाल की स्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ कुबेर जी, श्री उद्धव जी एवं गाडू घडा दक्षिण द्वार से मंदिर में परिसर में लाया गया। इसके बाद मंदिर के मुख्य पुजारी रावल समेत धर्माधिकारी द्वारा प्रशासन एवं हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में विधि विधान के साथ मंदिर के कपाट खोले गए।

मुख्य पुजारी वीसी ईश्वर प्रसाद नंबूदरी ने गर्भगृह में भगवान बदरीनाथ की विशेष पूजा-अर्चना करते हुए सबके लिए मंगलमय की कामना की। इसके साथ ही ग्रीष्मकाल के लिए बदरीनाथ के दर्शन शुरू हो गए है। कपाट खुलने के पहले दिन ही हजारों श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ में अखण्ड ज्योति एवं भगवान श्री बदरीनाथ के दर्शनों का पुण्य अर्जित किया। कपाटोद्घाटन के अवसर पर बदरीनाथ मंदिर को 15 कुंतल फूलों से सजाया गया था।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी श्रद्धलुओं को बधाई देते हुए कहा- आज प्रभु बदरी विशाल के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्ण विधि-विधान के साथ खोल दिए गए हैं। आप सभी भक्तजनों का चारधाम यात्रा में हार्दिक स्वागत और अभिनंदन!

चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह चरम पर है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि चारधाम यात्रा शुरू होने के साथ ही पंजीकरण का आंकड़ा 23 लाख के पार हो गया है। पर्यटन विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम चार बजे तक चारधाम यात्रा के लिए 23 लाख 57 हजार 393 पंजीकरण हुए थे। इनमें केदारनाथ के लिए सर्वाधिक आठ लाख सात हजार 90, बदरीनाथ धाम के लिए सात लाख 10 हजार 192, यमुनोत्री के लिए तीन लाख 68 हजार 302 और गंगोत्री के लिए चार लाख 21 हजार 205 पंजीकरण शामिल हैं। वहीं, हेमकुंड साहिब के लिए भी इस बार अभी तक 50 हजार 604 पंजीकरण हो चुके हैं। पंजीकरण का सिलसिला जारी है।

धामी सरकार के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने चार धाम यात्रा के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं को निर्देश जारी किया है। उन्होंने कहा कि चार धाम यात्रा में आने वाले तीर्थयात्री अपना रजिस्ट्रेशन जरूर कराएं। मौसम की जानकारी और समय-समय पर राज्य सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करते हुए ही यात्रा करें। उन्होंने कहा कि पर्यटकों और तीर्थयात्रियों की लंबी कतारों से निजात दिलाने के लिए टोकन और स्लॉट की व्यवस्था की जा रही है। पर्यटन विभाग ने चार धाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों और वाहनों की सुरक्षा और निगरानी के लिए पर्यटक सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली का इंतजाम किया है।

अगर आप भी चारधाम यात्रा पर आने की सोच रहे हैं तो ध्यान रखें की चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण अनिवार्य है, बिना पंजीकरण के आप यात्रा नहीं कर पाएंगे, साथ ही चारधामों की मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा की शुरुआत करें ताकि आप किसी भी तरह की परेशानी से बच सकें।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे