बदरीनाथ धाम पहुंचे CM धामी, भगवान बदरीविशाल के किए दर्शन; मास्टर प्लान के कार्यों का लिया जायजा

  1. Home
  2. Char Dham Yatra

बदरीनाथ धाम पहुंचे CM धामी, भगवान बदरीविशाल के किए दर्शन; मास्टर प्लान के कार्यों का लिया जायजा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी


बदरीनाथ(उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत चल रहे विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने आस्था पथ समेत अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं का भी जायजा लिया।

श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बदरीनाथ धाम में विकास कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में धाम की धार्मिक, आध्यात्मिक और पारंपरिक गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने कहा कि बदरीनाथ की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखते हुए विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बदरीनाथ धाम को उसके धार्मिक और पौराणिक महत्व के अनुरूप भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में काम किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान के तहत विकसित की जा रही सुविधाओं से आने वाले समय में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव में शामिल हुए CM धामी

मास्टर प्लान के कार्यों के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी श्री स्वामीनारायण गुरुकुल राजकोट संस्थान के तत्वावधान में आयोजित ‘बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव’ में शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से 150 से अधिक संत-साध्वी और 1200 से ज्यादा हरिभक्त शामिल हुए। कार्यक्रम में श्री स्वामीनारायण गुरुकुल राजकोट संस्थान के पूज्यपाद महंत स्वामी देवप्रसाददास जी स्वामी, पूज्यपाद सद्गुरुवर्य धर्मवल्लभदास जी स्वामी सहित बड़ी संख्या में संत और श्रद्धालु मौजूद रहे।

सनातन परंपरा और आध्यात्मिक विरासत का किया उल्लेख

कथा महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री बदरीनाथ धाम पहुंचना अपने आप में एक विशिष्ट आध्यात्मिक अनुभूति है। संतों और श्रद्धालुओं के बीच आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बदरीनाथ धाम को भारत की सनातन चेतना और आध्यात्मिक विरासत का प्रमुख केंद्र बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय शास्त्रों में इस पवित्र धाम की महिमा का विशेष उल्लेख मिलता है और यह क्षेत्र सदियों से तप, साधना और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र रहा है।

तीर्थस्थलों के विकास पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्राचीन विरासत, सनातन संस्कृति और आस्था के केंद्रों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्य किए जा रहे हैं। उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार करने के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तराखंड के विकास के दशक वाले आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की प्राकृतिक और आध्यात्मिक संपदा का उल्लेख करते हुए चारधाम, गंगा-यमुना, हिमालय और हेमकुंड साहिब को देवभूमि की विशिष्ट पहचान बताया। उन्होंने कहा कि तीर्थस्थलों का विकास श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप होना चाहिए, लेकिन इसके साथ उनकी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गरिमा को भी बनाए रखना जरूरी है।

संत समाज के योगदान को बताया महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री ने संत समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संतों का आशीर्वाद और मार्गदर्शन समाज एवं राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से सनातन परंपराओं, संस्कृति और जीवन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद संतों और श्रद्धालुओं का आभार भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री हरक सिंह, माधव प्रसाद सेमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, भाजपा जिला महामंत्री विनोद कनवासी, अरुण मैठाणी, जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे