इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए 22 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ मंदिर के कपाट
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थ केदारनाथ मंदिर के कपाट इस वर्ष 22 अप्रैल को शुभ वृष लग्न में खोले जाएंगे।
इसकी आधिकारिक घोषणा शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में विधि-विधान के साथ की गई। घोषणा के बाद से ही देशभर के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
मंदिर समिति के अनुसार, बुधवार 22 अप्रैल को सुबह ठीक 8 बजे बाबा केदारनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खोले जाएंगे। इसके साथ ही छह महीने तक चलने वाली विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी।
मुख्य पुजारी की जिम्मेदारी
इस वर्ष टी. गंगाधर लिंग को बाबा केदारनाथ धाम का मुख्य पुजारी नियुक्त किया गया है। परंपरा के अनुसार केदारनाथ में पूजा-अर्चना दक्षिण भारत से आए रावल पुजारियों द्वारा ही संपन्न कराई जाती है। कपाट खुलने की घोषणा के बाद से ही श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पंजीकरण कराना शुरू कर दिया है।
बदरीनाथ धाम की तिथि भी घोषित
केदारनाथ के एक दिन बाद बदरीनाथ मंदिर के कपाट 23 अप्रैल को ब्रह्ममुहूर्त में सुबह 6:15 बजे खोले जाएंगे। इस शुभ तिथि की घोषणा पहले ही वसंत पंचमी के अवसर पर की जा चुकी थी।
गंगोत्री-यमुनोत्री भी तैयार
चारधाम यात्रा के तहत गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया, यानी 19 अप्रैल को खोले जाएंगे। हालांकि इन दोनों धामों के सटीक शुभ मुहूर्त की जानकारी मंदिर समितियों द्वारा जल्द ही अलग से सार्वजनिक की जाएगी।
चारधाम यात्रा की तिथियां घोषित होने के साथ ही उत्तराखंड में पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है। प्रशासन भी यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर तैयारियों में जुट गया है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






