देहरादून में त्रिपल मर्डर केस में खुलासा, महज 300 रुपये बनी हत्या की वजह! आरोपी प्लंबर गिरफ्तार
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई है।
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई है।
महज 300 रुपये की मजदूरी को लेकर हुए विवाद में 80 वर्षीय बुजुर्ग रमेश कपूर, उनकी 75 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और घर में काम करने वाली नौकरानी तिलिया देवी की हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में आरोपी प्लंबर राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात के पीछे की पूरी वजह जानने में जुटी है।
300 रुपये की मजदूरी को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, रमेश कपूर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। उन्होंने अपने घर में प्लंबिंग का काम कराने के लिए राजकुमार नाम के प्लंबर को बुलाया था। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला बताया जा रहा है और पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपति के घर पर काम करता था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को उसने करीब दो घंटे काम किया व पूरे दिन की 600 रुपये मजदूरी मांगने लगा, जबकि बुजुर्ग दंपती आधे दिन के काम के 300 रुपये देने को तैयार थे। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसी को लेकर लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और मामला तीन लोगों की हत्या तक पहुंच गया।
पेचकस से बुजुर्ग दंपति पर हमला, बीच-बचाव करने पहुंची महिला की भी हत्या
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पेचकस से रमेश कपूर और उनकी पत्नी रजनी कपूर पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान घर के पास रहने वाली करीब 48 वर्षीय नौकरानी तिलिया देवी ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करने की कोशिश की।
आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण तीनों की मौत हो गई। इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मामूली रकम को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों की जान चले जाने की घटना ने स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया है।
पुलिस ने आरोपी प्लंबर राजकुमार को किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलने के बाद रायपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने संदिग्ध की पहचान कर आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल के मुताबिक, पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ के जरिए वारदात से जुड़े घटनाक्रम और हत्या के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
क्या 300 रुपये ही थी हत्या की वजह?
प्रारंभिक जानकारी में हत्या की वजह मजदूरी के 300 रुपये को लेकर हुआ विवाद बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके। फिलहाल पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही वारदात से जुड़ी सभी परिस्थितियों की पुष्टि हो पाएगी।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






