देहरादून में एक और हत्या से सनसनी , दोस्तों ने युवक को उतारा मौत के घाट
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) देहरादून की राजधानी में एक और हत्याकांड से सनसनी फैल गई है।
नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में पार्टी के दौरान हुए विवाद में चार दोस्तों ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए टैक्सी बुक की और लाश को जंगल में रेत से दबाकर छिपा दिया। पुलिस ने इस मामले में पटेलनगर निवासी टैक्सी चालक राजनन्दन को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी कार भी कब्जे में ले ली गई है।
मृतक की पहचान वसंत विहार थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर निवासी दिगंबर धीमान के रूप में हुई है, जो 9 फरवरी से लापता था। परिजनों की शिकायत पर 11 फरवरी को वसंत विहार थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की। इसी दौरान एक टैक्सी चालक तक पुलिस पहुंची, जिसकी कार से शव को ठिकाने लगाया गया था।
जंगल से बरामद हुआ शव
पूछताछ में टैक्सी चालक राजनन्दन ने पूरी घटना का खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र के चिड़ियापुर जंगल से दिगंबर का शव बरामद किया। शव को रेत में दबाकर छिपाया गया था।
पार्टी के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार दिगंबर अपने चार दोस्तों — हेमंत सेमवाल, अंकित, संजू और आदिल — के साथ नेहरू कॉलोनी क्षेत्र की खड्डा कॉलोनी में पार्टी करने गया था। सभी ने शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद गुस्साए दोस्तों ने दिगंबर के सिर पर बेसबॉल बैट से हमला कर दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी युवक का शव टैक्सी से दूसरे जिले की सीमा में जंगल ले जाकर फेंक आए।
कुछ आरोपी गिरफ्तार, तलाश जारी
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है। पुलिस कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
पॉक्सो केस में आरोपी था मृतक
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दिगंबर वर्ष 2021 में वसंत विहार थाने में दर्ज नाबालिग के यौन उत्पीड़न (पॉक्सो) मामले में आरोपी था। 9 फरवरी को वह अपने पिता के साथ पॉक्सो कोर्ट गया था। अदालत से अगली तारीख मिलने के बाद उसने पिता को घर भेज दिया और दोस्तों के साथ पार्टी करने चला गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई। लगातार हो रही हत्याओं से राजधानी देहरादून में दहशत का माहौल है। पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






