बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा हेराफेरी मामला: फरार आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल देहरादून से गिरफ्तार
पुलिस ने जब मंदिर परिसर के काउंटिंग रूम (चढ़ावा गणना कक्ष) की सीसीटीवी फुटेज खंगाली, तो आरोपी प्रमोद नौटियाल 25 जून की फुटेज में नोटों की गड्डी ले जाते हुए साफ दिखाई दिया।
देहरादून/ चमोली (Uttarakhand Post) उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में हुई वित्तीय गड़बड़ी के मामले में चमोली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी और मंदिर कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को पुलिस ने रविवार देर रात करीब 11 बजे देहरादून से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी मंदिर कर्मचारी प्रमोद नौटियालको पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बदरीनाथ कार्यालय लेकर आई है।
जांच और सबूतों से जुड़े मुख्य बिंदु:
-
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई हरकत: पुलिस ने जब मंदिर परिसर के काउंटिंग रूम (चढ़ावा गणना कक्ष) की सीसीटीवी फुटेज खंगाली, तो आरोपी प्रमोद नौटियाल 25 जून की फुटेज में नोटों की गड्डी ले जाते हुए साफ दिखाई दिया।
-
तीन दिनों की गणना पर शक: बदरीनाथ मंदिर में आमतौर पर हर 3 से 4 दिन के अंतराल पर चढ़ावे की गिनती होती है। पुलिस ने 25 जून, 29 जून और 2 जुलाई की गणना के सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
-
दस्तावेज और बयान दर्ज: पुलिस ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) की आंतरिक जांच रिपोर्ट और अन्य संबंधित दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया है। इसके साथ ही, 2 जुलाई को गणना के समय मौजूद 12 से अधिक कर्मचारियों और स्थानीय साधु-संतों से भी पूछताछ की जा रही है।
आगे की कार्रवाई-
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है। प्रमोद नौटियाल से पूछताछ के आधार पर इस वित्तीय हेराफेरी में शामिल अन्य संभावित लोगों, बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की बारीकी से पड़ताल की जाएगी।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







