देहरादून से बड़ी खबर: धामी कैबिनेट की बैठक में 23 प्रस्तावों पर लगी मुहर, जानें किसको क्या मिला?
देहरादून (Uttarakhand Post) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को राज्य कैबिनेट की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में जनहित, स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कुल 23 प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई।
कैबिनेट बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय-
-
आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को सौगात: आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में बढ़ोतरी के फैसले पर अंतिम निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।
-
मेडिकल पीजी छात्रों के लिए दो साल का बॉन्ड: सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पोस्ट ग्रेजुएशन (पीजी) करने वाले छात्रों के साथ सरकार अब दो साल का अनिवार्य सेवा बॉन्ड करेगी, जिसके तहत उन्हें राज्य में राजकीय सेवा देनी होगी।
-
सफाई कर्मचारी आयोग व सामाजिक सुरक्षा: उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष के एक पद को स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा, उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली को विस्तार देते हुए 'सामाजिक सुरक्षा कोष' के गठन का निर्णय लिया गया है।
-
स्वास्थ्य एवं फार्मेसी क्षेत्र: कर्मचारी राज्य बीमा योजना (ESIC) के अंतर्गत अब बी-फार्मा (B.Pharma) को भी शामिल कर लिया गया है (इससे पहले केवल डी-फार्मा ही अनुमन्य था)। साथ ही, चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में एक्स-रे (X-ray) तकनीशियन नियमावली को भी मंजूरी दी गई है।
-
चीनी मिलों को राहत: आगामी पेराई सत्र के लिए चीनी मिलों को सरकारी बैंकों से ऋण गारंटी उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है।
-
प्रशासनिक और विभागीय फैसले:
-
आबकारी विभाग में 11 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है।
-
उत्तराखंड राज्य नियोजन आयोग में 'सेतु आयोग' के संगठनात्मक ढांचे पर मुहर लगी है।
-
राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली में बड़े बदलाव करने के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है।
-
-
अन्य महत्वपूर्ण निर्णय:
-
उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजना के रखरखाव से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
-
निर्माण एजेंसी NHIDCL को राज्य में कार्य करने की सूचीबद्धता से बाहर कर दिया गया है।
-
विधानसभा सत्र के सत्रावसान (समापन) के प्रस्ताव को भी कैबिनेट ने अपनी मंजूरी दे दी है।
-
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे
गूगल न्यूज़
पर फॉलो करे






