देहरादून में जिम से निकलते कारोबारी की गोली मारकर हत्या, 14 दिन में हत्या की चौथी वारदात

  1. Home
  2. Dehradun

देहरादून में जिम से निकलते कारोबारी की गोली मारकर हत्या, 14 दिन में हत्या की चौथी वारदात

gun firing


 देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) देहरादून में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार सुबह राजधानी के राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी कॉम्प्लेक्स में जिम से बाहर निकलते समय एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने युवक के सिर में बेहद करीब से गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

 

मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी और खनन से जुड़े कारोबार से जुड़े हुए थे। वारदात के बाद आरोपी पैदल ही मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी गई है।

लगातार बढ़ रही हैं आपराधिक घटनाएं

राजधानी में एक बार फिर गोलियों की गूंज से लोगों में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजपुर रोड जैसे पॉश इलाके में इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक है।

तिब्बती मार्केट हत्याकांड अभी सुलझा भी नहीं

गौरतलब है कि महज तीन दिन पहले 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी अर्जुन शर्मा की भी दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में भी अज्ञात हमलावर फरार हैं और पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।

14 दिन में चौथी हत्या

देहरादून में बीते 14 दिनों के भीतर यह चौथी हत्या है। इससे पहले दो फरवरी को दूल्हा बाजार में गुंजन हत्याकांड ने शहर को झकझोर कर रख दिया था, जिसमें आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।

31 जनवरी को ऋषिकेश में शिवाजी नगर में प्रीति रावत (30) की उनके लिव-इन पार्टनर सुरेश गुप्ता ने गोली मारकर हत्या कर दी। संपत्ति और वैवाहिक विवाद को कारण बताया गया। आरोपी को 36 घंटे में सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया।


वहीं, 29 जनवरी को विकासनगर क्षेत्र में 12वीं की छात्रा मनीषा तोमर की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। 18 वर्षीय छात्रा का शव 29 जनवरी की रात ढालीपुर स्थित शक्ति नहर के किनारे झाड़ियों में मिला था।

लगातार हो रही इन घटनाओं से साफ है कि राजधानी में अपराधी बेखौफ हैं और पुलिस के लिए कानून-व्यवस्था बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। पुलिस का दावा है कि विक्रम शर्मा हत्याकांड में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे