CM धामी ने NIM के चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का किया फ्लैग-इन, पर्वतारोहियों के साहस को सराहा

  1. Home
  2. Dehradun

CM धामी ने NIM के चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का किया फ्लैग-इन, पर्वतारोहियों के साहस को सराहा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी


देहरादून(उत्तराखंड पोस्ट) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), उत्तरकाशी के चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इस दौरान उन्होंने अभियान में शामिल पर्वतारोहियों को बधाई देते हुए उनके साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीम भावना की सराहना की।

इन अभियानों में NIM और जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स (JIM&WS), पहलगाम के संयुक्त अभियान के तहत माउंट एकांकागुआ का सफल आरोहण भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतारोहियों की ये उपलब्धियां उत्तराखंड के साथ-साथ देश के युवाओं को साहसिक गतिविधियों और पर्वतारोहण के लिए प्रेरित करेंगी।

माउंट एकांकागुआ पर सफल आरोहण

NIM और JIM&WS के संयुक्त अभियान का नेतृत्व कर्नल हेम चंद्र सिंह ने किया। छह सदस्यीय अभियान दल ने 22 फरवरी 2026 को अर्जेंटीना स्थित 6,961 मीटर ऊंचे माउंट एकांकागुआ के शिखर पर सफलतापूर्वक आरोहण किया। इस अभियान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक से फ्लैग ऑफ किया था।

नुन-कुन श्रृंखला की तीन चोटियों पर फहराया सफलता का परचम

NIM के नुन-कुन अभियान-2026 का नेतृत्व संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने किया। अभियान दल ने 15 अगस्त 2026 को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन चोटी पर सफल आरोहण किया।

इसके बाद अभियान दल ने 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन चोटी पर भी सफल आरोहण किया। इस तरह एक ही अभियान के दौरान नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण कर दल ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।

पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के लिए व्यापक संभावनाएं प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि NIM पर्वतारोहण, साहसिक खेलों, युवा विकास और उच्च हिमालयी प्रशिक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि संस्थान युवाओं को उच्च स्तरीय पर्वतारोहण प्रशिक्षण देने के साथ-साथ उनमें साहस, नेतृत्व, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि पर्वतारोहियों की ऐसी उपलब्धियां अधिक युवाओं को साहसिक खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगी और उत्तराखंड की पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करेंगी।

इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित कुमार सिन्हा, NIM के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित, JIM&WS पहलगाम के प्रधानाचार्य कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन जी. संतोष कुमार सहित NIM के अधिकारी और विभिन्न पर्वतारोहण अभियानों के सदस्य मौजूद रहे।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे