देहरादून में ‘मेरी माँ स्वस्थ माँ’ अभियान के तहत छात्राओं को महिला स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

  1. Home
  2. Dehradun

देहरादून में ‘मेरी माँ स्वस्थ माँ’ अभियान के तहत छात्राओं को महिला स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

देहरादून में मेरी माँ स्वस्थ माँ अभियान


देहरादून(उत्तराखंड पोस्ट) माताओं के स्वास्थ्य की देखभाल और किशोरियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से Can Protect Foundation ने अपने ‘मेरी माँ स्वस्थ माँ’ (Meri Maa Swasth Maa) अभियान के तहत जीजीआईसी, राजपुर रोड, देहरादून में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का आयोजन FICCI FLO Uttarakhand Chapter और Humans For Humanity के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम में छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर जैसे महिला स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। Can Protect Foundation की ओर से डॉ. रेखा खन्ना ने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ अपनी माताओं और परिवार की महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति भी सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

कैंसर के शुरुआती संकेतों को नजरअंदाज न करने की सलाह

डॉ. रेखा खन्ना ने छात्राओं को स्तन और सर्वाइकल कैंसर के शुरुआती संकेतों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शरीर में होने वाले किसी भी असामान्य बदलाव को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञ की सलाह बीमारी की पहचान और उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को सैनिटरी पैड भी वितरित किए गए और मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के सही तरीकों के बारे में जागरूक किया गया।

मां के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी समझना है अभियान का उद्देश्य

‘मेरी माँ स्वस्थ माँ’ अभियान का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को अपनी माताओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। Can Protect Foundation का मानना है कि जब बच्चे अपनी मां के स्वास्थ्य को लेकर सजग होंगे, तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार पर पड़ेगा।

अभियान के तहत विद्यार्थियों को केवल बीमारियों के बारे में जानकारी देने तक सीमित नहीं रखा जाता, बल्कि उन्हें यह भी समझाया जाता है कि वे घर में अपनी मां और परिवार की अन्य महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और समय पर डॉक्टर से संपर्क करने के लिए कैसे प्रोत्साहित कर सकते हैं।

महिला स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में पहल

Can Protect Foundation की अध्यक्ष डॉ. सुमिता प्रभाकर के मार्गदर्शन में चल रहा ‘मेरी माँ स्वस्थ माँ’ अभियान महिला स्वास्थ्य, कैंसर जागरूकता और Preventive Health को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रहा है। अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को परिवार और समुदाय के स्तर तक पहुंचाकर महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे