उत्तराखंड - यहां तेज रफ्तार डंपर ने श्रमिक को कुचला, गुस्साए लोगों का हंगामा

  1. Home
  2. Dehradun

उत्तराखंड - यहां तेज रफ्तार डंपर ने श्रमिक को कुचला, गुस्साए लोगों का हंगामा

accident


देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)   देहरादून में  बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कांवली रोड क्षेत्र में एक तेज रफ्तार डंपर ने पैदल जा रहे एक व्यक्ति को कुचल दिया। उस व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई.

 

 

हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया.। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।

 

बिहार से काम की तलाश में आया था मृतक

मृतक की पहचान सुखदेव सैनी (निवासी सीतामढ़ी, बिहार) के रूप में हुई है। वह रोज़गार की तलाश में देहरादून आया था और कांवली गांव में अन्य मजदूरों के साथ रह रहा था। बुधवार सुबह वह अपने साथियों के साथ लेबर चौक की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।

 

हादसे के बाद बवाल, सड़क जाम

घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने सड़क पर जाम लगा दिया और टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को शव उठाने से भी रोक दिया और मुआवजे की मांग के साथ डंपर मालिक को मौके पर बुलाने की मांग की।

 

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक

सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में करने की कोशिश की। हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे, जिसके चलते पुलिस और लोगों के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही।

 

यातायात बाधित, लंबा जाम

हादसे के कारण कांवली रोड पर लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपी डंपर चालक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।   स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे