धामी कैबिनेट की अहम बैठक आज, इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

  1. Home
  2. Dehradun

धामी कैबिनेट की अहम बैठक आज, इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

Dhami


 

देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) देहरादून स्थित सचिवालय में आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में उत्तराखंड कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक शुरू होने जा रही है।

 

 

आगामी विधानसभा बजट सत्र को देखते हुए यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में विधानसभा सत्र के दौरान सदन में पेश किए जाने वाले कई विधेयकों और विभागीय वार्षिक प्रतिवेदनों को मंजूरी दी जा सकती है। इसके अलावा राज्य की प्रस्तावित बी-कीपिंग (मधुमक्खी पालन) पॉलिसी को भी कैबिनेट की स्वीकृति मिलने की संभावना है।

9 मार्च से गैरसैंण में बजट सत्र

उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में 9 मार्च से बजट सत्र आहूत होने जा रहा है। सत्र से पहले होने वाली यह कैबिनेट बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि विभिन्न विभागों के वार्षिक प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत किए जाने हैं।

नियमों के तहत इन प्रतिवेदनों को सदन में पेश करने से पहले मंत्रिमंडल की मंजूरी लेना अनिवार्य होता है। ऐसे में कई विभागों की रिपोर्ट्स को आज हरी झंडी मिल सकती है।

यूसीसी संशोधन विधेयक पर भी नजर

कैबिनेट बैठक में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) संशोधन विधेयक को विधानसभा में पेश करने की अनुमति भी दी जा सकती है। प्रस्तावित संशोधन में विभिन्न अपराधों के लिए दंड की अवधि निर्धारित किए जाने का प्रावधान शामिल है। यदि कैबिनेट से मंजूरी मिलती है तो बजट सत्र के दौरान यह विधेयक सदन के पटल पर रखा जा सकता है।

बी-कीपिंग पॉलिसी पर फैसला संभव

राज्य में स्वरोजगार और कृषि आधारित आय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार की गई बी-कीपिंग पॉलिसी पर भी आज चर्चा होने की संभावना है। इस नीति के जरिए मधुमक्खी पालन को संगठित और प्रोत्साहित करने की दिशा में सरकार ठोस कदम उठा सकती है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे