धामी सरकार ने पेश किया पांच साल का रिपोर्ट कार्ड, 36 हजार सरकारी नौकरियों का दावा, गिनाईं उपलब्धियां

  1. Home
  2. Dehradun

धामी सरकार ने पेश किया पांच साल का रिपोर्ट कार्ड, 36 हजार सरकारी नौकरियों का दावा, गिनाईं उपलब्धियां

dhami


 देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने गुरुवार को अपने पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया।

 

 

इस दौरान सरकार ने रोजगार, महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, कृषि और पलायन रोकने की दिशा में किए गए कार्यों का ब्यौरा दिया। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंच से प्रदेश में भाजपा सरकार के दस साल के कामकाज का भी जिक्र किया। सीएम धामी ने प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने का दावा किया।

सीएम धामी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए सरकार ने बताया कि वर्ष 2021 में कोरोना महामारी के दौरान पर्यटन, परिवहन और संस्कृति से जुड़े लोगों को राहत देने के लिए 200 करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज जारी किया गया था।

इसके अलावा चिकित्सा क्षेत्र के लिए 205 करोड़ रुपये और स्वयं सहायता समूहों व स्वरोजगार से जुड़े लोगों के लिए 118 करोड़ रुपये का राहत पैकेज दिया गया। सरकार ने कोविड वॉरियर्स के सम्मान के साथ ही कोरोना महामारी में अपने माता-पिता को खोने वाले बच्चों के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना का भी जिक्र किया।

36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा

रोजगार के मुद्दे पर सरकार ने अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके तहत संगठित नकल के गंभीर मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है।

सरकार के मुताबिक, इन वर्षों में प्रदेश के 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के रोजगार मिला है।

11 हजार युवाओं को मिलेगी मुफ्त कोचिंग

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए मुख्यमंत्री भविष्य निर्माण योजना शुरू की गई है। इसके तहत पहले वर्ष में 11 हजार युवाओं को घर बैठे निशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, वैश्विक रोजगार योजना के तहत युवाओं को जर्मन और जापानी भाषा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सरकार के अनुसार, इस योजना के माध्यम से अब तक 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है। इसके अलावा सरकार ने युवा आयोग के गठन और 10वीं, 12वीं व उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को टैबलेट देने के फैसले का भी जिक्र किया।

उत्तराखंड में 3.50 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सरकार ने दावा किया कि प्रदेश में अब तक 3.50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। सीमावर्ती गांवों के विकास के लिए वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत किए जा रहे कार्यों को भी रिपोर्ट कार्ड में शामिल किया गया है।

सरकार ने माणा गांव को देश का प्रथम गांव घोषित किए जाने को अपनी उपलब्धियों में शामिल किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पलायन योजना के तहत 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन होने का दावा किया गया।

पहाड़ी उत्पादों को जीआई टैग से मिली नई पहचान

कृषि क्षेत्र में सरकार ने पहाड़ के किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। सरकार के मुताबिक, पहाड़ी कृषि उत्पादों और अनाज को जीआई टैग मिलने से उन्हें नई पहचान मिली है।

लगातार तीसरी बार बनाएंगे भाजपा सरकार: सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में पहले हर पांच साल में सरकार बदलने का मिथक था, लेकिन प्रदेश की जनता ने लगातार दूसरी बार भाजपा को सत्ता सौंपकर इस मिथक को तोड़ दिया। सीएम धामी ने कहा कि वर्ष 2022 में भी भाजपा अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच गई थी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता के आशीर्वाद से उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे