देहरादून में दिनदहाड़े फायरिंग, दो जगह चली गोलियां, घटना से सनसनी
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर गुरुवार को दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई।
छात्र गुटों के बीच चल रहे विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक निजी विश्वविद्यालय के बाहर कार सवार युवकों ने ताबड़तोड़ छह राउंड फायरिंग कर दी। इसके बाद बाइक सवार युवकों ने कार का पीछा किया और करीब तीन किलोमीटर दूर सेंट ज्यूड्स चौक पर दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। यहां दोबारा हुई फायरिंग में साहिल नाम का युवक गोली लगने से घायल हो गया।
घायल साहिल को उपचार के लिए श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
निजी विश्वविद्यालय के बाहर छह राउंड फायरिंग
घटना गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, हरियाणा नंबर की स्विफ्ट कार में गुरमीत सिंह समेत छह युवक इंडस्ट्रियल एरिया स्थित निजी विश्वविद्यालय के बाहर खड़े थे। इसी दौरान साहिल, सुजल, दक्ष, अंशुल, आदित्य और विशाल तीन बाइकों से वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि उनके पास रॉड और डंडे थे।
आरोप है कि बाइक सवार युवक कार पर हमला करते, इससे पहले ही गुरमीत ने कार से छह राउंड फायर कर दिए।अचानक हुई फायरिंग से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि, पहली घटना में किसी युवक को गोली नहीं लगी।
फायरिंग के बाद कार का पीछा करने लगे बाइक सवार
पहली फायरिंग के बाद गुरमीत और उसके साथी कार लेकर सेवलाकलां होते हुए सेंट ज्यूड्स की ओर निकल गए। इसके बाद बाइक सवार युवकों ने कार का पीछा शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, यह पूरा घटनाक्रम दोनों पक्षों के बीच चल रहे पुराने विवाद का ही हिस्सा था। करीब तीन किलोमीटर तक पीछा करने के बाद दोनों पक्ष सेंट ज्यूड्स चौक के पास फिर आमने-सामने हो गए।
सेंट ज्यूड्स चौक पर दोबारा चली गोलियां, साहिल घायल
सेंट ज्यूड्स चौक पर आरोप है कि गुरमीत और उसके साथियों ने दोबारा फायरिंग कर दी। इस बार गोली साहिल को लग गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फायरिंग की घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल साहिल को तत्काल श्री महंत इंदिरेश अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
दोस्ती टूटी तो बढ़ती गई रंजिश
पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसाईं के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष पहले एक-दूसरे के मित्र रहे हैं। पिछले कुछ समय से गुरमीत का आदित्य, सुजल और अंशुल के साथ विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते विवाद ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया।
पुलिस ने फायरिंग के मामले में रोहित निवासी दलेड़ी बड़गांव, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, रोहित शुभारती कॉलेज से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटा रही पुलिस
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा फायरिंग में इस्तेमाल हथियार, वाहन और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







