उत्तराखंड में भीषण गर्मी का कहर जारी, 6 जिलों में हीटवेव अलर्ट

  1. Home
  2. Dehradun

उत्तराखंड में भीषण गर्मी का कहर जारी, 6 जिलों में हीटवेव अलर्ट

Heat Wave


  देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में नौतपा के दौरान गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने 27 मई तक राज्य के छह जिलों में लू (Heat Wave) का अलर्ट जारी किया है।

 

 

27 मई को  राजधानी देहरादून समेत हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, उधम सिंह नगर और चंपावत में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है। इसके मद्देनजर सभी जिलों को अलर्ट रहने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

 

 

 

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर के समय बेवजह घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं, हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

रुड़की सबसे गर्म, मुक्तेश्वर सबसे ठंडा

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक रुड़की में मंगलवार को सबसे अधिक 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं मुक्तेश्वर राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि मैदानी इलाकों के साथ-साथ कुछ पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

IMD के अलर्ट के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। जिला आपातकालीन संचालन केंद्र और कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय रखने को कहा गया है।

इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयां, ORS, बर्फ और जरूरी उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि लू और डिहाइड्रेशन से प्रभावित मरीजों का तुरंत उपचार किया जा सके।

सार्वजनिक स्थानों पर पानी की व्यवस्था के निर्देश

नगर निकायों को बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार और प्रमुख चौराहों पर पीने के पानी और ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अस्थायी शेड और विश्राम स्थलों की व्यवस्था करने को भी कहा गया है।

मजदूरों को सुबह-शाम काम करने की सलाह

बिजली और पेयजल विभागों को निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पानी की कमी वाले क्षेत्रों में टैंकरों की व्यवस्था करने को कहा गया है। प्रशासन ने मजदूरों और बाहर काम करने वाले लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर की तेज गर्मी से बचें और अपने काम के घंटे सुबह एवं शाम तक सीमित रखें। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान सावधानी बरतें और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार,आज बुधवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों में बिजली चमकने की भी संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में यह प्री-मानसून गतिविधि लोगों को थोड़ी राहत दे सकती है। वहीं मौसम विभाग ने 31 मई तक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे