उत्तराखंड में अगले 2-3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में मानसून अगले दो से तीन दिनों तक तीखे तेवर दिखा सकता है। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
शुक्रवार को कई इलाकों में भारी बारिश
शुक्रवार को देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे। कई क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। मैदानी इलाकों में बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गईं और यातायात प्रभावित हुआ। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। देहरादून में अधिकतम तापमान करीब चार डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
पिथौरागढ़ और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए पिथौरागढ़ और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। कुछ क्षेत्रों में बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर भी देखने को मिल सकते हैं।
इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज से अति तेज बारिश के दौर हो सकते हैं।
रविवार को और सक्रिय रहेगा मौसम
रविवार को प्रदेश में मौसम के और अधिक सक्रिय रहने का अनुमान है। देहरादून, चंपावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







