उत्तराखंड में अगले 48 घंटे भारी, पहाड़ों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट; भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 13 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है, जिससे पहाड़ी सड़कों पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी रहेगी।
देहरादून (Uttarakhand Post) उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और मौसम विभाग ने राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में अगले 48 घंटों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। देहरादून, नैनीताल, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी समेत कई जिलों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार और गुरुवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की जा सकती है। लगातार बारिश के चलते भूस्खलन, चट्टान गिरने और संवेदनशील क्षेत्रों में अचानक बाढ़ जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं।
प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्वतीय मार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे नहीं जाने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 13 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है, जिससे पहाड़ी सड़कों पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी रहेगी।
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने जिला प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रहने को कहा गया है। लोगों से मौसम का ताजा अपडेट लेकर ही यात्रा करने की अपील की गई है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







