उत्तराखंड में 4 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग की चेतावनी जारी
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने प्रदेशभर में 4 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार दिनों तक राज्य के विभिन्न जिलों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि शेष जिलों के लिए येलो र्ट जारी किया गया है।
आज इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार, 1 अगस्त को बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में कहीं-कहीं तीव्र से अति तीव्र बारिश भी हो सकती है। स्थिति को देखते हुए इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में भी भारी बारिश के आसार जताए गए हैं। राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मैदानी क्षेत्रों में भी बारिश के आसार
मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन, सड़कें बाधित होने और नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है।
4 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार 2, 3 और 4 अगस्त को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहेगी। इस दौरान कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। 3 और 4 अगस्त को उत्तराखंड के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है।
प्रशासन और लोगों के लिए सलाह
लगातार बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोग मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही घर से निकलें। नदी-नालों के किनारे जाने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







