उत्तराखंड में दो दिन भारी बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट, चारधाम यात्रियों से सतर्क रहने की अपील

  1. Home
  2. Dehradun

उत्तराखंड में दो दिन भारी बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट, चारधाम यात्रियों से सतर्क रहने की अपील

Rain Breaking


 देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है।

 

 

मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को प्रदेश के कई पर्वतीय क्षेत्रों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी दी है।

 

 

 

इसे देखते हुए गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से सतर्कता बरतने और मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है।

 

पर्वतीय क्षेत्रों में खराब मौसम की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में तेज बारिश, आंधी और मौसम खराब रहने की संभावना है। चारधाम यात्रा मार्गों पर भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। ऐसे में प्रशासन ने यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

मौसम सामान्य होने पर यात्रा करने की सलाह

गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने कहा कि श्रद्धालु यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा अपडेट जरूर लें। उन्होंने कहा कि यदि संभव हो तो मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा की योजना बनाएं। साथ ही यात्रा के दौरान प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

गढ़वाल आयुक्त ने बताया कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संचालित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि श्रद्धालुओं के सहयोग और सतर्कता से चारधाम यात्रा सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न होगी।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे