उत्तराखंड का मौसम लेगा करवट, भारी बारिश, ओलावृष्टि और आंधी की चेतावनी
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। जहां एक ओर मैदानी इलाकों में तेज धूप और बढ़ते तापमान से गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में सर्दी ने दोबारा दस्तक दे दी है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में बर्फबारी, तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के देहरादून केंद्र द्वारा जारी ताजा मौसम बुलेटिन के अनुसार, रविवार 10 मई से अगले पांच दिनों तक प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण सोमवार से कई जिलों में मौसम खराब रहने की आशंका है। विशेष रूप से उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में तेज बारिश, आंधी और गर्जना के साथ मौसम बिगड़ सकता है।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से 12 और 13 मई को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही देखने को मिली, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है। हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तेज हवाएं, ओलावृष्टि और बिजली गिरने जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं।
मौसम विभाग ने खासतौर पर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






