उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी, इन जिलों में आज भी ऑरेंज अलर्ट जारी

  1. Home
  2. Dehradun

उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी, इन जिलों में आज भी ऑरेंज अलर्ट जारी

rain


 देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

 

 

मौसम विभाग ने 17 अगस्त को देहरादून और टिहरी जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन दोनों जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

देहरादून और टिहरी में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार 17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में मौसम खराब रहने की संभावना है। दोनों जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी आशंका है। इसे देखते हुए प्रशासन और आमजन को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील

आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग अनावश्यक यात्रा से बचें और घर से निकलने से पहले मौसम की स्थिति की जानकारी जरूर लें।

उन्होंने भूस्खलन और चट्टान गिरने की आशंका वाले संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी। साथ ही नदी-नालों और जलधाराओं के आसपास भी सावधानी बरतने को कहा है।

आकाशीय बिजली और नदी-नालों को लेकर अलर्ट

आपदा प्रबंधन सचिव ने कहा कि आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े न हों। ऐसी स्थिति में सुरक्षित पक्के भवन में शरण लेना बेहतर है। भारी बारिश के दौरान उफनती नदियों और बरसाती धाराओं के पास जाने से भी बचना चाहिए।

बारिश के कारण भूस्खलन, सड़क अवरोध, जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे