घरों में आग लगने की घटना भी मानी जाएगी आपदा, सीएम धामी ने की चार बड़ी घोषणाएं
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के पहले ‘आपदा प्रबंधन दिवस’ के अवसर पर चार महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं।
शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रिहायशी घरों और आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को भी आपदा की श्रेणी में शामिल करने की घोषणा की। इस फैसले से अग्निकांड प्रभावित परिवारों को राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) के नियमों के तहत आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
घरों में आग लगने पर मिलेगी आर्थिक सहायता
उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र के पंवाणी गांव में हुए अग्निकांड के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने यह महत्वपूर्ण घोषणा की है। इसके तहत शॉर्ट सर्किट, गैस रिसाव या अन्य दुर्घटनाओं के कारण आवासीय भवनों में आग लगने की घटनाओं को भी आपदा की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। सरकार की इस पहल से अग्निकांड प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
आपदा प्रबंधन दिवस पर सीएम धामी की चार बड़ी घोषणाएं
-
रिहायशी घरों और आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को आपदा की श्रेणी में शामिल किया जाएगा।
-
भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, राज्य पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं से सेवानिवृत्त जवानों एवं अधिकारियों को आपदा प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
-
शिक्षण संस्थानों में प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को ‘आपदा मित्र’ या आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा।
-
आपदा और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले नागरिकों को सरकार पुरस्कृत करेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (IRS) की पुस्तिका और ‘उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27’ का भी विमोचन किया।
आपदाओं से निपटने के लिए पूर्व तैयारी जरूरी: सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आपदा प्रबंधन हमेशा एक बड़ी चुनौती रहा है। ऐसे में आपदाओं से निपटने के लिए हर स्तर पर पूर्व तैयारी और जनजागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने भूकंप की दृष्टि से उत्तराखंड की संवेदनशीलता को देखते हुए नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी जोर दिया।
सिलक्यारा रेस्क्यू अभियान को बताया बेहतर समन्वय की मिसाल
मुख्यमंत्री ने नवंबर 2023 में उत्तरकाशी में हुए सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 12 नवंबर 2023 को दिवाली के दिन सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे, जिन्हें 17 दिनों तक चले बचाव अभियान के बाद 28 नवंबर को सुरक्षित बाहर निकाला गया था।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्र और राज्य की एजेंसियों के बेहतर समन्वय, देश-विदेश के विशेषज्ञों के सहयोग और बाबा बौखनाग के आशीर्वाद से यह अभियान सफल हुआ। उन्होंने इसे साहस, धैर्य और सामूहिक प्रयास की ऐतिहासिक मिसाल बताया।
हर प्रभावित व्यक्ति तक समय पर पहुंचे मदद: मुख्य सचिव
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि आपदाओं के प्रभाव को कम करने के लिए पूर्व तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावी पुनर्वास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
उन्होंने सिलक्यारा बचाव अभियान को मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण बताते हुए आपदा प्रबंधन में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और पिछले अनुभवों का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने पर भी जोर दिया।
उत्तराखंड में लगाए गए 169 भूकंप सेंसर और 112 सायरन
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने प्रदेश में आपदा प्रबंधन की तैयारियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि राज्य में आपदाओं से त्वरित रूप से निपटने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
-
प्रदेश में 133 क्विक रिस्पॉन्स टीमें (QRT) गठित की गई हैं।
-
इन टीमों में 2,250 प्रशिक्षित सदस्य शामिल हैं।
-
भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए 169 सेंसर स्थापित किए गए हैं।
-
प्रदेशभर में 112 चेतावनी सायरन लगाए गए हैं।
कार्यक्रम में मौजूद रहे मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, मदन कौशिक, खजान दास, प्रदीप बत्रा, भरत सिंह चौधरी, डीजीपी दीपम सेठ और प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलाधिकारी और विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों के विद्यार्थी भी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे
गूगल न्यूज़
पर फॉलो करे






