सीएम धामी का बड़ा फैसला!,उत्तराखंड के मदरसों में अब शुक्रवार को नहीं होगी छुट्टी
देहरादून(उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड की धामी सरकार ने मदरसों में साप्ताहिक अवकाश को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश के मदरसों में शुक्रवार यानी जुम्मे की जगह रविवार को छुट्टी रहेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में सभी के लिए एक समान व्यवस्था लागू होनी चाहिए और शिक्षा के क्षेत्र में भी इसी नियम का पालन किया जाएगा।
सीएम धामी ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस लाइन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) पहले से लागू है। ऐसे में सभी के लिए समान नियम और व्यवस्था होनी चाहिए। इसी आधार पर अब मदरसों में भी रविवार को साप्ताहिक अवकाश देने का फैसला किया गया है।
फैसले पर शुरू हुई सियासत
सरकार के इस निर्णय के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने फैसले को राजनीतिक मुद्दा बताते हुए सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार को मदरसों की शिक्षा व्यवस्था और वहां की समस्याओं पर भी ध्यान देना चाहिए।
वहीं, मुस्लिम समाज के कुछ लोगों ने शुक्रवार की छुट्टी खत्म करने पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि जुम्मे की नमाज के लिए शुक्रवार को अवकाश मिलने से सहूलियत होती थी।
मदरसा शिक्षकों ने किया फैसले का स्वागत
दूसरी ओर, देहरादून के कुछ मदरसा शिक्षकों ने सरकार के फैसले का स्वागत किया है। इमदाद उल उलूम की कोऑर्डिनेटर शमा खान ने भी इस निर्णय के प्रति सकारात्मक रुख दिखाया।
कुछ शिक्षकों ने कहा कि वे सरकार के आदेश का पालन करेंगे। हालांकि, उनका यह भी कहना है कि अगर शुक्रवार को आधे दिन की छुट्टी मिल जाए, तो शिक्षकों और छात्रों को जुम्मे की नमाज अदा करने में आसानी होगी।
सरकार के इस फैसले के बाद अब प्रदेश के मदरसों में साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






