देहरादून में बड़ा हादसा: जनरेटर रूम में बेहोश मिले दो इंजीनियर, अस्पताल पहुंचने पर मौत

  1. Home
  2. Dehradun

देहरादून में बड़ा हादसा: जनरेटर रूम में बेहोश मिले दो इंजीनियर, अस्पताल पहुंचने पर मौत

Dead Body


 देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) देहरादून पटेल नगर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां एक इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के जनरेटर रूम में दो इंजीनियर अचेत अवस्था में मिले। पुलिस ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

 

तकनीकी खराबी के बाद जनरेटर रूम में गए थे दोनों इंजीनियर

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 12:30 बजे कंपनी के सिस्टम में तकनीकी समस्या आई थी। इसके बाद दोनों इंजीनियर समस्या की जांच के लिए जनरेटर रूम में गए थे। इसके बाद सुबह तक दोनों बाहर नहीं आए।

बुधवार सुबह कंपनी के गार्ड ने दोनों को जनरेटर रूम में अचेत अवस्था में देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान 29 वर्षीय रोहित सिंह, निवासी हरिद्वार, और 26 वर्षीय लवकुश, पुत्र रामसागर, निवासी फैजाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों सिंधु सेंटर स्थित ईशान नेट सोल प्राइवेट लिमिटेड में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे और इंटरनेट मेंटेनेंस का काम देखते थे।

जनरेटर से निकली गैस से दम घुटने की आशंका

पटेल नगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौर के अनुसार, प्रारंभिक जांच में जनरेटर से निकली गैस के कारण दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जनरेटर रूम में हुई घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

जांच के बाद साफ होगी हादसे की वजह

दो इंजीनियरों की एक साथ मौत से कंपनी और आसपास के क्षेत्र में भी हड़कंप मच गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जनरेटर रूम में गैस का रिसाव किस वजह से हुआ और घटना के समय वहां सुरक्षा के क्या इंतजाम थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे