उत्तराखंड में मानसून का कहर जारी, कई जिलों में आज भी भारी बारिश का अलर्ट

  1. Home
  2. Dehradun

उत्तराखंड में मानसून का कहर जारी, कई जिलों में आज भी भारी बारिश का अलर्ट

weather alert


देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय है और बारिश का दौर लगातार जारी है।

 

 

मौसम विभाग ने मंगलवार, 11 अगस्त को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, देहरादून, टिहरी और बागेश्वर समेत कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

11 अगस्त को कैसा रहेगा उत्तराखंड का मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, 11 अगस्त को उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। उत्तरकाशी, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

वहीं, मैदानी इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज बौछारें पड़ सकती हैं। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली का खतरा भी बना रह सकता है, इसलिए लोगों को मौसम खराब होने पर खुले स्थानों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी जाती है।

पहाड़ी इलाकों में बढ़ सकती है परेशानी

लगातार बारिश के कारण उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क बाधित होने और निचले इलाकों में जलभराव जैसी समस्याओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में जरूरी न होने पर पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा टालना बेहतर होगा।

खासकर बारिश के दौरान नदी, नाले और गदेरों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी जाती है। यात्रियों को स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी अपडेट पर नजर रखने को कहा गया है।

12 अगस्त को भी भारी बारिश की संभावना

मौसम का असर अगले दिन भी जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 12 अगस्त को भी उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

13 से 15 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम?

13 से 15 अगस्त के दौरान भी राज्य में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान मौसम के अचानक बदलने की स्थिति को देखते हुए पहाड़ी इलाकों में सफर करने वालों को सतर्क रहने की जरूरत है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे