उत्तराखंड में मानसून का कहर, 5 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
देहरादून( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है।
लगातार सक्रिय मानसूनी प्रणाली के चलते मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के पांच जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
गरज-चमक और तेज हवाओं का भी अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
यात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि भारी बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों एवं गदेरों के आसपास जाने से परहेज करें। प्रशासन भी संवेदनशील इलाकों पर नजर बनाए हुए है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का पालन करें।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






