उत्तराखंड में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: देहरादून और हरिद्वार में स्कूल बंद, उफान पर नदियां, 70 रास्ते बंद

  1. Home
  2. Dehradun

उत्तराखंड में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: देहरादून और हरिद्वार में स्कूल बंद, उफान पर नदियां, 70 रास्ते बंद

Weather Alert

मौसम की गंभीरता को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों और आपदा प्रबंधन टीमों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने और राहत-बचाव दलों को चौबीसों घंटे मुस्तैद रहने को कहा गया है।


देहरादून (Uttarakhand Post) भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के दौरान उत्तराखंड के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश, आकाशीय बिजली चमकने और मूसलाधार बौछारों को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम की गंभीरता को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों और आपदा प्रबंधन टीमों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने और राहत-बचाव दलों को चौबीसों घंटे मुस्तैद रहने को कहा गया है।

देहरादून और हरिद्वार में कल स्कूल बंद

भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर सुरक्षात्मक कदम उठाते हुए देहरादून और हरिद्वार के जिलाधिकारियों ने कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी व निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को कल (9 जुलाई) बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग की चेतावनियों का कड़ाई से पालन करें।

सूबे की 4 स्टेट हाईवे समेत 70 सड़कें बंद

लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के कारण पहाड़ी राज्य में संपर्क मार्ग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। वर्तमान में 4 राज्य मार्गों (State Highways) समेत कुल 70 सड़कें बंद हैं:

  • देहरादून और पिथौरागढ़ जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं, जहाँ दोनों जगह 14-14 सड़कें बंद हैं। अकेले देहरादून में 3 स्टेट हाईवे मलबे के कारण ठप हैं।

  • इसके अलावा चमोली में 10, पौड़ी और टिहरी में 8-8, बागेश्वर में 6, रुद्रप्रयाग में 4, और चंपावत, अल्मोड़ा व नैनीताल में 2-2 मार्ग बंद हैं।

खतरे के निशान के पास पहुंचीं नदियां

ऋषिकेश और हरिद्वार में गंगा नदी का जलस्तर फिलहाल नियंत्रण में है और इसमें गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, पिथौरागढ़ में सरयू नदी और जौलजीबी में गोरी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे तटीय इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय पुलिस को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संवेदनशील जगहों पर तैनात किया गया है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे