उत्तराखंड में मौसम का कहर- 13 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी, चारधाम यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह

  1. Home
  2. Dehradun

उत्तराखंड में मौसम का कहर- 13 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी, चारधाम यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह

Rain Breaking


देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  उत्तराखंड में 13 मई को मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा।

 

 

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए तेज बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी की चेतावनी दी है। प्रशासन ने विशेष रूप से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील की है।

इन जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में तेज बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही बादलों की गरज, आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

चारधाम यात्रियों के लिए प्रशासन की अपील

मौसम विभाग के अलर्ट के बाद गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु यात्रा के दौरान पूरी सावधानी बरतें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।

मौसम सामान्य होने पर यात्रा करने की सलाह

गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि 13 मई को मौसम की संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए श्रद्धालु अतिरिक्त सावधानी बरतें। यदि संभव हो तो मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा करना बेहतर रहेगा। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे