उत्तराखंड में मौसम का ऑरेंज अलर्ट: रुद्रप्रयाग में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद

  1. Home
  2. Dehradun

उत्तराखंड में मौसम का ऑरेंज अलर्ट: रुद्रप्रयाग में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद

Weather Rain Alert

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बृहस्पतिवार, 30 जुलाई को जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी व अशासकीय विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।


 

देहरादून / रुद्रप्रयाग (Uttarakhand Post) उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन के साथ-साथ चारधाम यात्रा भी प्रभावित हुई है। मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए रुद्रप्रयाग जिले में शिक्षण संस्थानों को बंद करने का निर्णय लिया गया है, जबकि यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन के कारण आवाजाही एक बार फिर ठप हो गई है।

रुद्रप्रयाग में 30 जुलाई को अवकाश घोषित

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बृहस्पतिवार, 30 जुलाई को जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी व अशासकीय विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

जिलाधिकारी ने देर रात तक जिला आपदा परिचालन केंद्र (कंट्रोल रूम) में रहकर संवेदनशील इलाकों और केदारनाथ यात्रा मार्ग की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और किसी भी आपात परिस्थिति में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

यमुनोत्री हाईवे पर लगा जाम, यात्रा रुकी

दूसरी ओर, यमुनोत्री हाईवे पर लगातार भूस्खलन होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पाली गाड़, बाडिया गांव के समीप और हनुमान चट्टी के पास पहाड़ों से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरने के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया है। मार्ग बंद होने और यात्रा स्थगित रहने के कारण हाईवे पर सन्नाटा पसरा हुआ है। संबंधित प्रशासन द्वारा मार्ग से मलबा हटाकर यातायात बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

प्रशासन की सलाह

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और तीर्थयात्रियों से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का कड़ाई से पालन करें। बहुत आवश्यक न होने पर यात्रा करने से बचें। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों तथा उफान पर बह रही नदियों और नदी-नालों के किनारे जाने से बचें।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे