PM मोदी ने दी धामी को शाबाशी, कहा- कड़ी मेहनत के साथ शानदार काम कर रही है उत्तराखंड सरकार

  1. Home
  2. Dehradun

PM मोदी ने दी धामी को शाबाशी, कहा- कड़ी मेहनत के साथ शानदार काम कर रही है उत्तराखंड सरकार

Modi Dhami

अब तो कांग्रेस ने प्रण लिया है, हिंदू धर्म में जो शक्ति है, उसका विनाश करेंगे।  उत्तराखंड की आस्था को तबाह करने की जो साजिशें चल रही हैं, उसमें कांग्रेस की ये बातें आग में घी का काम करेंगी। उत्तराखंड की संस्कृति की रक्षा करना, हम सभी का दायित्व है।


 

ऋषिकेश  (उत्तराखंड पोस्ट) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देवभूमि उत्तराखंड के ऋषिकेश में विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। पीएम मोदी ने पहाड़ी में अपने संबोधन की शुरुआत की। अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री धामी के कामों पर मुहर लगाते हुए धामी की तारीफ की और शाबाशी भी दी। मोदी ने कहा कि कड़ी मेहनत के साथ धामी सरकार शानदार काम कर रही है।

नरेंद्र मोदी ने कहा- कल मैं भारत के दक्षिणी छोर पर, सागर तट पर बसे तमिलनाडु में था और वहां पर भी लोग कह रहे हैं- फिर एक बार मोदी सरकार। आज हिमालय की गोद में बाबा केदार और बद्री विशाल की चरणों में हूं और यहां भी वही गूंज है- फिर एक बार मोदी सरकार।

आज देश में ऐसी सरकार है, जिसने  बीते 10 वर्ष में भारत को ​पहले की तुलना में कई गुना मजबूत कर दिया है।   जब-जब देश में कमजोर और अस्थिर सरकार रही है, तब-तब दुश्मनों ने फायदा उठाया और आतंकवाद ने पैर पसारे।

मोदी ने कहा- आज देश में मोदी की मजबूत सरकार है, इसलिए...  आतंकवादियों को घर में घुसकर मारा जाता है। भारत का तिरंगा युद्ध क्षेत्र में भी सुरक्षा की गारंटी बन जाता है। 7 दशक बाद जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 निरस्त किया गया। तीन तलाक के खिलाफ काननू बना। महिलाओं को लोकसभा, विधानसभा में 33% आरक्षण मिला।  सामान्य वर्ग के गरीबों को भी 10% आरक्षण मिला।

कांग्रेस के समय में तो जवानों के पास बुलेटप्रूफ जैकेट तक की कमी थी। दुश्मन की गोली से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं था।  ये भाजपा है, जिसने भारत में बनी बुलेटप्रूफ जैकेट अपने सैनिकों को दी, उनके जीवन की रक्षा की। आज आधुनिक रायफल से लेकर लड़ाकू विमान और विमानवाहक पोत तक देश में ही बन रहे हैं। कांग्रेस की कमजोर सरकार सीमाओं पर आधुनिक Infrastructure नहीं बना पाई। आज देखिए, सीमा पर आधुनिक सड़कें बन रही हैं, आधुनिक सुरंगें बन रही हैं।

जब कांग्रेस की सरकार थी, तब लोगों के हक का पैसा बिचौलिए खा जाते थे। अब लोगों के हक का पैसा सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित किया जा रहा है। ये लूट मोदी ने बंद की है, इसलिए मोदी पर उनका गुस्सा सातवें आसमान पर है। कांग्रेस के नेताओं के लिए तो पहले दिल्ली का शाही परिवार और फिर अपना परिवार ही सब कुछ है लेकिन मोदी के लिए तो मेरा भारत ही मेरा परिवार है।

कांग्रेस विकास और विरासत दोनों की विरोधी है। कांग्रेस ने प्रभु राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए, राम मंदिर का विरोध किया, जितने अड़ंगे डालने थे डाले।  इसके बाद भी राम मंदिर निर्माण वालों ने कांग्रेस के सभी गुनाहों को माफ ​कर दिया और उन्हें प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण दिया। लेकिन कांग्रेस ने उसका भी बहिष्कार कर दिया।

अब तो कांग्रेस ने प्रण लिया है, हिंदू धर्म में जो शक्ति है, उसका विनाश करेंगे।  उत्तराखंड की आस्था को तबाह करने की जो साजिशें चल रही हैं, उसमें कांग्रेस की ये बातें आग में घी का काम करेंगी। उत्तराखंड की संस्कृति की रक्षा करना, हम सभी का दायित्व है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे