उत्तराखंड के 11वें CM बने पुष्कर सिंह धामी, जानिए उनके बारे में सबकुछ

  1. Home
  2. Dehradun

उत्तराखंड के 11वें CM बने पुष्कर सिंह धामी, जानिए उनके बारे में सबकुछ

DHAMI

उत्तराखंड में एक बार फिर नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। खटीमा से भाजपा के युवा विधायक पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के 11वें मुख्यमंत्री होंगे। धामी आज शपथ ग्रहण करेंगे। चुनावी साल में भाजपा ने युवा चेहरे पर दांव खेला है।


देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में एक बार फिर नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। खटीमा से भाजपा के युवा विधायक पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के 11वें मुख्यमंत्री होंगे। धामी आज शपथ ग्रहण करेंगे। चुनावी साल में भाजपा ने युवा चेहरे पर दांव खेला है।

उत्तराखंड के 20 वर्षों के इतिहास में कुमाऊं के पुष्कर सिंह धामी रविवार को 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। भाजपा विधान मंडल दल के नेता चुने गए पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के सबसे युवा मुख्यमंत्री होंगे। वह 45 साल के हैं।

पुष्कर सिंह धामी का जन्म 16 सितम्बर, 1975 को कनालीछीना, पिथौरागढ़, उत्तराखण्ड में हुआ था। उनके पिता का नाम शेर सिंह धामी है। उन्होंने स्नानकोत्तर (मानव संसाधन प्रबंधन एवं औद्योगिक संबध), एल.एल.बी. किया है। पुष्कर सिंह धामी दो बार खटीमा से विधायक रह चुके है जबकि दो बार भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके है।

मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद उन्होंने कहा कि मेरी सरकार प्रदेश के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक भी अपने सेवाएं पहुंचाएगी। कहा कि जिस तरह मेरी मां ने मुझे जन्म दिया, वैसे ही मेरी पार्टी ने भी मुझे अपने आंचल की छांव देने का काम किया है।

एक सामान्य कार्यकर्ता का विकास कैसे हो सकता है, मैं उसका जीवंत उदाहरण हूं। न तो मेरी कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि रही है और न ही राजनीतिक परिवार। पार्टी की नीतियों ने ही मुझे आज यहां तक पहुंचाया है, जिसके लिए मैं सभी का आभारी हूं।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में विधानमंडल दल के मुखिया चुने जाने के बाद पुष्कर सिंह धामी मीडिया से रूबरू हुए। सबसे पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार जताया। इसके बाद प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेताओं, विधायकों का भी शुक्रिया अदा किया। अपने बारे में बात करते हुए वह भावुक हो गए।

उन्होंने कहा कि आज मुझे जो जिम्मेदारी मिली है, उसके लिए मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं। कहा कि एक सामान्य परिवार का भाजपा कार्यकर्ता किस तरह से आगे बढ़ सकता है, मैं आज उसका जीवंत उदाहरण हूं। 

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को राशन दिया जा रहा है। निशुल्क वैक्सीन दी जा रही है। एक ओर दुनिया के देश हमारे बीच कोरोना वायरस लेकर आ गए, अपनी प्रयोगशालाओं में कोरोना वायरस का निर्माण कर रहे हैं। उसके इतर हम अपने देश में 34 करोड़ लोगों को वैक्सीन देने के साथ ही दुनिया के दूसरे देशों तक भी वैक्सीन पहुंचा रहे हैं।

सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास को हम चरितार्थ करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मेरे सीनियर लोगों ने पहले जो काम किए हैं, जो आधारशिलाएं रखी हैं, मैं उन्हें आगे बढ़ाऊंगा। बताया कि उन्होंने राज्यपाल को सरकार बनाने का प्रस्ताव दे दिया है। उनकी ओर से जो भी निर्देश मिलेंगे, उसी हिसाब से शपथ ग्रहण कार्यक्रम होगा। उन्होंने मंत्रिमंडल में बदलाव के सवाल पर कहा कि अभी तमाम लोगों को नए पोर्टफोलिया बंटे थे। फिर भी अभी हम होमवर्क करेंगे, उसके बाद ही कोई फैसला लेंगे।

पुष्कर सिंह धामी से जब सवाल किया गया है कि अब विधानसभा चुनाव में करीब छह माह का वक्त बचा है तो इसे कितनी चुनौती मानते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर वह इस चुनौती को अवसर में बदलेंगे। प्रदेश में दोबारा भाजपा की ही सरकार बनेगी। युवाओं को रोजगार से जोड़ेंगे। 

बेरोजगारी के सवाल पर भी युवा विधानमंडल दल के नेता पुष्कर सिंह धामी उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ने का काम प्राथमिकता में किया जाएगा। कहा कि युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए लगातार विधानसभा घेराव से लेकर सिडकुल में आंदोलन किया है। स्थानीय लोगों को उद्योगों में रोजगार देने को लेकर जो लड़ाई लड़ रहे थे, उसे अब और आगे बढ़ाएंगे। धामी ने कहा कि वह युवाओं का विश्वास और अधिक मजबूत करने का प्रयास करेंगे। प्रदेश के युवा उनके संघर्ष के बारे में जानते हैं। उन्होंने युवाओं के लिए हमेशा लड़ाई लड़ी है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे