NSA अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी से गरमाई सियासत, CM धामी बोले- उत्तराखंड का गौरव हैं डोभाल

  1. Home
  2. Dehradun

NSA अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी से गरमाई सियासत, CM धामी बोले- उत्तराखंड का गौरव हैं डोभाल

सीएम धामी


देहरादून(उत्तराखंड पोस्ट) राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कथित टिप्पणी पर उत्तराखंड में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिप्पणी की आलोचना करते हुए अजीत डोभाल को उत्तराखंड का गौरव बताया और उनके खिलाफ की गई टिप्पणी को निंदनीय करार दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अजीत डोभाल ने देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि डोभाल ने देश और दुनिया में अपनी सेवाओं के जरिए उत्तराखंड का नाम गौरवान्वित किया है। ऐसे में उनके लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए चिंता का विषय है।

धामी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने सनातन को कमजोर करने, सैनिकों पर सवाल उठाने और लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का रास्ता अपना रखा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पद पर रहने वाले व्यक्ति के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी बेहद निंदनीय है।


महेंद्र भट्ट ने भी साधा निशाना

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने भी राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर बैठे लोगों को लेकर की गई टिप्पणियों को आपत्तिजनक बताया। महेंद्र भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने कहा कि डोभाल देश की सैन्य, खुफिया और कूटनीतिक सुरक्षा से जुड़े मामलों को सरकार द्वारा सौंपे गए दायित्व के तहत संभालते हैं।

भट्ट के मुताबिक, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार को ये जिम्मेदारियां देशहित में निर्वाचित सरकार की ओर से दी गई हैं। उन्होंने कहा कि डोभाल के खिलाफ की गई टिप्पणियां पूरे देश और विशेष रूप से उत्तराखंड के लिए अपमानजनक हैं। भट्ट ने अजीत डोभाल के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ कई अभियानों को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई है। साथ ही, पिछले कई वर्षों से वह देश की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

इस पूरे मामले को लेकर उत्तराखंड में भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई है, जिससे राज्य की सियासत में बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे