उत्तराखंड में बारिश का कहर, अगले 24 घंटे कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट , शासन हाई अलर्ट पर
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है।
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लगातार हो रही बारिश के चलते कई पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है, जबकि उत्तरकाशी में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग को एहतियातन बंद कर दिया गया है।
तीन जिलों में रेड अलर्ट, कई में ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 19 से 20 जुलाई के बीच नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार और टिहरी समेत कई जिलों में भी तेज बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, अचानक बाढ़ और बादल फटने जैसी घटनाओं की आशंका जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
यमुनोत्री हाईवे एहतियातन बंद
लगातार बारिश के कारण उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। स्यानाचट्टी और हनुमान चट्टी के बीच कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे सड़क पर भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें आ गई हैं।
इसके अलावा सड़क के एक हिस्से में कटाव भी देखा गया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने हाईवे पर आवाजाही रोक दी है। मार्ग खुलने का निर्णय मौसम और सड़क की स्थिति की समीक्षा के बाद लिया जाएगा।
ऑरेंज अलर्ट भी जारी
मौसम विभाग ने 19 जुलाई के लिए देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 20 जुलाई को उत्तरकाशी, नैनीताल और पौड़ी जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बागेश्वर में विशाल भूस्खलन
बागेश्वर जिले के कपकोट ब्लॉक के मौनधुरा क्षेत्र में शनिवार शाम भारी भूस्खलन हुआ। इस दौरान पहाड़ का बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया और भारी मात्रा में मलबा व चट्टानें नीचे आ गिरीं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, मौनधुरा क्षेत्र भूगर्भीय रूप से पहले से ही संवेदनशील माना जाता है। इस घटना ने मानसून के दौरान हिमालयी क्षेत्रों में बढ़ते भूस्खलन के खतरे को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
लोगों और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा से पहले मौसम एवं सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें। पर्यटकों को नदी-नालों, पहाड़ी ढलानों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







