उत्तराखंड - यहां ओवरटेक विवाद में फायरिंग, मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत

  1. Home
  2. Dehradun

उत्तराखंड - यहां ओवरटेक विवाद में फायरिंग, मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत

firing


 देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  राजधानी देहरादून से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। राजपुर क्षेत्र में ओवरटेक को लेकर दो कार सवार युवकों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग की घटना में एक निर्दोष व्यक्ति की जान चली गई।

 

ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 6:50 बजे मसूरी रोड पर मालसी के पास दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और स्कॉर्पियो N में सवार युवकों के बीच गाड़ी को पास देने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक हो गया। 
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो N में सवार युवकों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा किया और उसे रुकवाने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग कर दी।

 

मॉर्निंग वॉक कर रहे बुजुर्ग को लगी गोली
इसी दौरान सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे 70 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर वी. के. जोशी को गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

फॉर्च्यूनर कार पेड़ से टकराई, युवकों से मारपीट
फायरिंग के दौरान फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर जोहड़ी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार युवकों ने कार में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

दो लोग घायल, आरोपी फरार
घटना में फॉर्च्यूनर कार में सवार दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने की नाकाबंदी, CCTV खंगाले जा रहे
पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। 
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे