उत्तराखंड - स्कूल के पीछे चल रहा था सेक्स रैकेट, दो गिरफ्तार, तीन युवतियां रेस्क्यू

  1. Home
  2. Dehradun

उत्तराखंड - स्कूल के पीछे चल रहा था सेक्स रैकेट, दो गिरफ्तार, तीन युवतियां रेस्क्यू

Sex


 देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  देहरादून जनपद के कैंट क्षेत्र स्थित किशन नगर एक्सटेंशन में एक प्ले ग्रुप स्कूल परिसर के पीछे किराए के कमरों में कथित तौर पर संचालित किए जा रहे सेक्स रैकेट का पुलिस ने खुलासा किया है।

 

 

स्थानीय लोगों के विरोध और शिकायत के बाद पुलिस एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन युवतियों को रेस्क्यू किया गया।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्रीय लोगों को लंबे समय से इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की आशंका थी। रात के समय बाहरी लोगों की लगातार आवाजाही बढ़ने पर लोगों ने विरोध जताया और पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलने के बाद सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की।

आपत्तिजनक हालत में मिले युवक-युवतियां

छापेमारी के दौरान पुलिस को दो पुरुष और तीन युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिलीं। मौके से आपत्तिजनक सामग्री, शराब की बोतलें, दवाइयां, कंडोम, डिजिटल स्टोरेज डिवाइस, मेमोरी कार्ड, पेन ड्राइव और लेन-देन से जुड़ी डायरी बरामद की गई है। पुलिस को कथित तौर पर लड़कियों की रेट लिस्ट और हिसाब-किताब से जुड़ी नोटबुक भी मिली है।

राजस्थान के दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में आशीष कुमार पांडे (42) और जंग बहादुर (50) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मूल रूप से जयपुर, राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी आशीष कुमार पांडे पहले भी देह व्यापार से जुड़े मामले में जेल जा चुका है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

मेरठ, मुजफ्फरनगर और दिल्ली से लाई गई थीं युवतियां

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रेस्क्यू की गई युवतियां मेरठ, मुजफ्फरनगर और दिल्ली क्षेत्र से देहरादून लाई गई थीं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा युवतियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर बुलाया जाता था और बाद में उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर कथित देह व्यापार में धकेला जाता था।

डिजिटल साक्ष्यों की जांच में जुटी पुलिस

छापेमारी के दौरान बरामद मेमोरी कार्ड, पेन ड्राइव और डायरी को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि इन डिजिटल साक्ष्यों से ग्राहकों, पैसों के लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सकती है।

एक युवती के एचआईवी संक्रमित होने की आशंका

पुलिस जांच के दौरान एक युवती के बैग से एचआईवी उपचार से संबंधित मेडिकल दस्तावेज भी बरामद होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

मामले का खुलासा होने के बाद क्षेत्रीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि स्कूल परिसर के पीछे इस तरह की गतिविधियां लंबे समय से चल रही थीं, जिससे आसपास का माहौल खराब हो रहा था। घटना की जानकारी फैलने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और प्रदर्शन किया। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे