रेखा आर्या प्रकरण में SIT की जांच तेज, गिरधारी लाल साहू के करीबियों से पूछताछ

  1. Home
  2. Dehradun

रेखा आर्या प्रकरण में SIT की जांच तेज, गिरधारी लाल साहू के करीबियों से पूछताछ

रेखा आर्या प्रकरण में SIT की जांच तेज

बरेली, हल्द्वानी और दिल्ली में दबिश के बाद जांच टीम ने बढ़ाया दायरा, दस्तावेजों और ऑडियो रिकॉर्डिंग की फॉरेंसिक जांच जारी


देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू से जुड़े विवाद के मामले में विशेष जांच दल (SIT) ने जांच तेज कर दी है। जांच टीम बरेली, हल्द्वानी और दिल्ली में दबिश देकर जानकारी जुटा चुकी है। इसके साथ ही गिरधारी लाल साहू के करीबियों से भी पूछताछ की गई है। एसआईटी इन लोगों से कारोबारी गतिविधियों, वित्तीय लेनदेन और विवाद से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

कंपनियों के रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच

जांच के दौरान एसआईटी उन कंपनियों से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है, जिनके दस्तावेजों और पदों में कथित हेरफेर के आरोप लगाए गए हैं। टीम कंपनी के मूल दस्तावेजों, हस्ताक्षरों, वित्तीय लेनदेन और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

जांच अधिकारियों का उद्देश्य यह पता लगाना है कि संबंधित दस्तावेजों में कथित बदलाव कैसे और किन परिस्थितियों में हुए। इसके लिए दस्तावेजों का संबंधित लोगों के बयानों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों से मिलान किया जा रहा है।

मंत्री रेखा आर्या के बयान दर्ज, ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच

एसआईटी मंत्री रेखा आर्या के बयान दर्ज कर चुकी है। उन्होंने जांच टीम को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी है। दावा किया गया है कि इस रिकॉर्डिंग में रेखा आर्या और उनके नाबालिग बच्चों को नुकसान पहुंचाने की साजिश से संबंधित बातचीत है।

फिलहाल एसआईटी रिकॉर्डिंग की प्रामाणिकता और उसमें सुनाई देने वाली आवाजों के मिलान के लिए फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। वहीं, गिरधारी लाल साहू इस ऑडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार की गई फर्जी रिकॉर्डिंग बता चुके हैं। ऐसे में रिकॉर्डिंग की वास्तविकता स्पष्ट होने के लिए फॉरेंसिक रिपोर्ट अहम मानी जा रही है।

फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई

एसआईटी प्रभारी एवं एसपी देहात जया बालोनी के मुताबिक, जांच टीम फिलहाल बयानों, दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और संबंधित लोगों से मिली जानकारियों का मिलान कर रही है।

जांच में सामने आने वाले तथ्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल एसआईटी अलग-अलग शहरों में मिले सुरागों और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे