नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का केस, कथित वीडियो ने बढ़ाए सवाल
देहरादून(उत्तराखंड पोस्ट) हर्रावाला क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतका के मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास, ननद समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
शादी के बाद प्रताड़ना का आरोप
पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली में दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। शिकायत के अनुसार, शादी के बाद से ही सृष्टि को दहेज की मांग, मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।
परिजनों का आरोप है कि परिवार में होने वाली हर अनहोनी के लिए सृष्टि को जिम्मेदार ठहराया जाता था और उसे "मनहूस" कहकर अपमानित किया जाता था। मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि 29 जुलाई को उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। उन्होंने पति, सास, ननद और अन्य परिजनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसांई ने बताया कि मृतका की मां की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच जारी है। फोरेंसिक टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर चुकी है और अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कथित वीडियो आया सामने
मामले के बीच सृष्टि का एक कथित वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह बेहद भावुक नजर आती है। वीडियो में वह कहती सुनाई देती है—
"मन बहुत अजीब सा हो गया है... छह महीने से सह रही हूं... अब और सहा नहीं जाता... मनहूस हूं... सॉरी मम्मा..."
इस कथित वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसके सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर व्यापक चर्चा हो रही है।
नौ महीने पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, सृष्टि श्रीनगर गढ़वाल की रहने वाली थीं और पेशे से शिक्षिका (प्रवक्ता) थीं। उनके पति सौरभ खत्री सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत हैं। शादी के करीब तीन महीने बाद सौरभ के पिता का हार्ट अटैक से निधन हो गया था। मायके पक्ष का आरोप है कि इस घटना के बाद सृष्टि को लगातार अपशकुनी और मनहूस कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।
दोनों पक्षों के दावे अलग
फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या का मामला बता रहा है, जबकि मायके पक्ष ने दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







