उत्तराखंड फिल्म पुरस्कारों पर CM धामी की मुहर, नरेंद्र सिंह नेगी और हेमंत पांडे को मिलेगा लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
देहरादून(उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में क्षेत्रीय सिनेमा और स्थानीय कलाकारों को बढ़ावा देने की दिशा में धामी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत वर्ष 2024 और 2025 के फिल्म पुरस्कारों के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इन पुरस्कारों में उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और अभिनेता हेमंत पांडे को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
दोनों विभूतियों को दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। वर्ष 2024 के लिए नरेंद्र सिंह नेगी और वर्ष 2025 के लिए अभिनेता हेमंत पांडे का चयन किया गया है।
'घपरोल' और 'रैबार' को मिला सर्वश्रेष्ठ फिल्म का सम्मान
वर्ष 2024 के उत्तराखंडी बोली की फिल्मों की श्रेणी में गढ़वाली फिल्म 'घपरोल' को सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया है। फिल्म के निर्माता अजय ढौंडियाल हैं। इसी फिल्म के लिए सिद्धार्थ शर्मा को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और पटकथा लेखक, जबकि विनय चानना को सर्वश्रेष्ठ सिनेमेटोग्राफर के पुरस्कार के लिए चुना गया है।
वहीं, फिल्म 'कारा एक प्रथा' के लिए रमेश रावत को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, शिवानी भंडारी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और अजय सिंह बिष्ट को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार दिया जाएगा। जौनसारी फिल्म 'मेरे गांव की बाट' के लिए मधुबाला को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री और अजब सिंह को सर्वश्रेष्ठ गायक के पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।
'केसरी चैप्टर-2' के कलाकारों को भी मिलेगा पुरस्कार
वर्ष 2025 की हिंदी फिल्म श्रेणी में 'मनु क्या करेगा' को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके निर्माता शरद मेहरा हैं।
इसके अलावा फिल्म 'केसरी चैप्टर-2' ने कई प्रमुख पुरस्कार श्रेणियों में जगह बनाई है। फिल्म के निर्देशक करण सिंह त्यागी को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और पटकथा लेखक के लिए चुना गया है। वहीं, अक्षय कुमार को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, अनन्या पांडे को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री, आर. माधवन को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और जुबिन नौटियाल को सर्वश्रेष्ठ गायक के पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। पटकथा लेखन में करण सिंह त्यागी के साथ अमृत पाल का भी योगदान शामिल है।
गढ़वाली फिल्म 'रैबार' को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार
वर्ष 2025 की उत्तराखंडी बोली की फिल्मों में गढ़वाली फिल्म 'रैबार' को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिलेगा। इसके लिए भगत सिंह सैनी को निर्माता और पटकथा लेखक, सुशील उनियाल को निर्देशक, राजेश नौगाई को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया को सर्वश्रेष्ठ सिनेमेटोग्राफर की श्रेणी में चुना गया है।
वहीं, गढ़वाली फिल्म 'द्वि होला जब साथ' के लिए मनीष डिमरी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, कल्याणी गंगोला को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और विकास भारद्वाज को सर्वश्रेष्ठ गायक के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
किस पुरस्कार के लिए कितनी मिलेगी राशि?
उत्तराखंड फिल्म पुरस्कारों के तहत सर्वश्रेष्ठ फिल्म को दो लाख रुपये, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक को डेढ़ लाख रुपये और सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, अभिनेत्री, पटकथा लेखक, सहायक अभिनेता-अभिनेत्री, गायक तथा सिनेमेटोग्राफर को एक-एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
पुरस्कारों में निर्माता और निर्देशक को स्वर्ण ब्रह्मकमल के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। वहीं, अन्य कलाकारों और तकनीकी विशेषज्ञों को रजत ब्रह्मकमल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करना और स्थानीय कलाकारों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही प्रदेश की लोकसंस्कृति, भाषा, परंपराओं और प्राकृतिक सुंदरता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने पर भी जोर दिया जा रहा है। सरकार का मानना है कि इन पुरस्कारों से उत्तराखंड के क्षेत्रीय सिनेमा को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






