उत्तराखंड | मनीष खंडूरी ने थामा 'कमल', अब गढ़वाल लोकसभा सीट का टिकट किसे ?

  1. Home
  2. Dehradun

उत्तराखंड | मनीष खंडूरी ने थामा 'कमल', अब गढ़वाल लोकसभा सीट का टिकट किसे ?

Manish

मनीष खंडूड़ी ने आठ मार्च को ही कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दिया था। मनीष खंडूड़ी 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं।


 

देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) लोकसभा चुनाव 2024 से ठीक पहले उत्तराखंड में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी के पुत्र मनीष खंडूडी ने कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने के बाद शनिवार को बीजेपी का दामन थाम लिया।

बीजेपी का थामा दामन

पूर्व सीएम बीसी खंडूड़ी के बेटे मनीष खंडूड़ी ने शनिवार को बीजेपी का दामन थाम लिया। देहरादून भाजपा महानगर कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मनीष खंडूड़ी को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस दौरान प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।

आपको बता दें कि, मनीष खंडूड़ी ने आठ मार्च को ही कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दिया था। मनीष खंडूड़ी 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा- हमें खुशी है कि मनीष खंडूड़ी भाजपा में आए। देश के विकास में पीएम मोदी के समर्थन में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में है। मान सम्मान का पूरा ध्यान रखेंगे।

नरेंद्र मोदी में देश को आगे ले जाने की क्षमता

मनीष खंडूड़ी ने भाजपा की सदस्यता देने पर कहा कि वह राजनीति में किसी निजी कारणों से नहीं आए है, ये उनके लिए संघर्ष का रास्ता रहा। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद गढ़वल सीट जहां छोड़कर आया हूं वहां भी अच्छे लोग हैं लेकिन राज्य के विकास को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा ही सही प्लेटफार्म है। मैं ना टिकट के लिए आया हूं और ना ही पद मांगा। मैं किसी निजी स्वार्थ के लिए भाजपा में नहीं आया हूं। मैं प्रधानमंत्री मोदी से प्रभावित हूं। उनका उत्तराखंड से विशेष लगाव है। राज्य के विकास में उनका अहम योगदान है।

गढ़वाल से बीजेपी देगी टिकट ?

बीजेपी ने उत्तराखंड की पांच लोकसभा सीटों में से 3 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। टिहरी लोकसभा से माला राज्य लक्ष्मी शाह, नैनीताल सीट से अजय भट्ट तो अल्मोड़ा लोकसभा से अजय टम्टा पर दांव खेला है। वहीं हरिद्वार और गढ़वाल लोकसभा सीट पर बीजेपी ने अभी तक प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। माना ये भी जा रहा है कि बीजेपी गढ़वाल लोकसभा सीट से मनीष खंडूरी पर दांव खेल सकती है। 

कौन हैं मनीष खंडूरी

मनीष खंडूड़ी उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी के बेटे और उत्तराखंड विधानसभा स्पीकर ऋतु खंडूड़ी के भाई हैं। मनीष खंडूरी 2019 लोकसभा चुनाव में गढ़वाल सीट से कांग्रेस उम्‍मीदवार थे, पर उन्‍हें हार का सामना करना पड़ा। उन्‍होंने मार्च 2019 में कांग्रेस जॉइन किया था। राजनीति में आने से पहले मनीष खंडूरी फेसबुक कंपनी में इंडिया हेड के रूप में कार्यरत थे। राहुल गांधी की उपस्थिति में उन्‍हें कांग्रेस में शामिल किया गया था। गढ़वाल लोकसभा सीट से उनके पिता बीजेपी नेता भुवन चंद खंडूरी पांच बार सांसद चुने जा चुके हैं।

मनीष खंडूड़ी इस बार भी गढ़वाल लोकसभा सीट से कांग्रेस के तगड़े दावेदार माने जा रहे थे, ऐसे में देखना ये होगा कि कांग्रेस गढ़वाल से किसे अपना उम्मीदवार बनाती है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे