उत्तराखंड- शादी के तीन महीने बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप

  1. Home
  2. Dehradun

उत्तराखंड- शादी के तीन महीने बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप

sucides


  देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शादी के महज तीन महीने बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।

 

 

मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतका कहकशा आलम का निकाह 19 नवंबर 2025 को देहरादून के रिस्पना नगर निवासी शहबाज आलम के साथ हुआ था। मृतका के भाई सलमान आसिफ, निवासी रुद्रप्रयाग, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शादी के समय उनकी ओर से ससुराल पक्ष की मांग के अनुसार दान-दहेज दिया गया था।

आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर कहकशा को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक 18 फरवरी 2026 को कहकशा ने फोन कर बताया था कि ससुराल वाले प्लॉट खरीदने के लिए 50 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं।

मायके पक्ष का कहना है कि 3 मार्च की रात करीब 11 बजे भी कहकशा ने फोन कर बताया था कि पति, सास, ससुर, देवर और ननद उस पर पैसे लाने का दबाव बना रहे हैं। इसके कुछ घंटे बाद रात करीब 1:30 बजे ससुर यासीन का फोन आया और बताया गया कि कहकशा की तबीयत खराब हो गई है। परिवार के सदस्य जब देहरादून पहुंचे तो अस्पताल में पता चला कि ससुराल पक्ष महिला को मृत अवस्था में लेकर आया था।

मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि पति शहबाज, सास खुशनुदा, ससुर यासीन, देवर सरताज और ननद शबनम ने दहेज के लालच में कहकशा की हत्या कर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे