उत्तराखंड- मेडिकल छात्रा कार में मृत मिली, विभागीय डॉक्टरों पर गंभीर आरोपों के बाद केस दर्ज

  1. Home
  2. Dehradun

उत्तराखंड- मेडिकल छात्रा कार में मृत मिली, विभागीय डॉक्टरों पर गंभीर आरोपों के बाद केस दर्ज

22222222222222222222222


 देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) देहरादून से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेस (SGRR) की एमएस नेत्र रोग की 23 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर जहरीला इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या कर ली।

 

 

छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे खड़ी कार के अंदर मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। 

 

2023 में लिया था दाखिला, मां के साथ रहती थी

पुलिस के मुताबिक, डॉ. तन्वी ने वर्ष 2023 में एमएस ऑप्थैल्मोलॉजी में प्रवेश लिया था। वह देहरादून में अपनी मां के साथ किराए के मकान में रहती थीं, जबकि उनके पिता अंबाला में रहते हैं।

 

 

जानकारी के मुताबिक, यह घटना मंगलवार रात की है। छात्रा ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले अपने पिता से लगभग एक घंटे तक फोन पर बात की थी। बातचीत के दौरान उसने आरोप लगाया था कि विभागाध्यक्ष द्वारा उसे फेल करने की धमकी दी जा रही है। पिता ने उसे समझाते हुए अगले दिन कॉलेज आने की बात कही थी।

 

पिता को शक, रात में ही पहुंचे देहरादून

छात्रा ने अपने पिता को बताया था कि वह रात 12:30 बजे तक घर पहुंच जाएगी, लेकिन इसके बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया। अनहोनी की आशंका के चलते उसके पिता अंबाला से देर रात ही देहरादून के लिए रवाना हो गए। देहरादून पहुंचने पर अस्पताल मार्ग के पास उन्हें बेटी की कार सड़क किनारे खड़ी मिली, जो अंदर से लॉक थी।

कार के अंदर अचेत मिली छात्रा

कार के अंदर बेटी को अचेत हालत में देख पिता के होश उड़ गए। उन्होंने शीशा तोड़कर कार खोली। छात्रा के हाथ में कैनुला लगा था और कार में इंजेक्शन बिखरे पड़े थे। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

विभागाध्यक्ष पर गंभीर आरोप

मृतका के पिता ने विभागाध्यक्ष डॉ प्रियंका गुप्ता पर मानसिक, शैक्षणिक और आर्थिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनकी बेटी को जानबूझकर कम अंक देकर फेल करने की धमकी दी जा रही थी। पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पिता की शिकायत पर केस दर्ज, जांच जारी

मामले में उत्तराखंड पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर डॉ. प्रियंका गुप्ता के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल और कॉलेज से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे