उत्तराखंड- दहेज के लिए पत्नी की हत्या, बाइक न मिलने पर गला घोंटा, बीमारी से मौत की झूठी कहानी रची

  1. Home
  2. Dehradun

उत्तराखंड- दहेज के लिए पत्नी की हत्या, बाइक न मिलने पर गला घोंटा, बीमारी से मौत की झूठी कहानी रची

murder


देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  देहरादून जनपद अंतर्गत  सेलाकुई थाना पुलिस ने दहेज हत्या के एक सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे आरोपी पति को रविवार देर रात बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

 

 

आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या कर उसे बीमारी से मौत का रूप देने की साजिश रची थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

 

 

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के भीरा थाना क्षेत्र के रडा बाजार निवासी आरिफ ने 21 अप्रैल को अपनी पत्नी शाहीन बानो की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद उसने रिश्तेदारों और पड़ोसियों को गुमराह करने के लिए बीमारी से मौत की झूठी कहानी गढ़ी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा
मामले का पर्दाफाश तब हुआ जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका की मौत गला घोंटने से होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

दहेज और शक बना हत्या की वजह
थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह दहेज में मोटरसाइकिल न मिलने और पत्नी पर शक के चलते अक्सर विवाद करता था। घटना के दिन दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर पत्नी का गला घोंट दिया।

पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
मृतका के पिता लाल मोहम्मद ने 1 मई को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी (2025) के बाद से ही आरोपी उनकी बेटी पर दहेज के लिए दबाव बना रहा था। घटना के दिन आरोपी ने उन्हें फोन कर बताया कि उनकी बेटी बीमार है, लेकिन जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी।

हत्या के बाद रची साजिश
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि हत्या के बाद उसने बीमारी से मौत की झूठी कहानी बनाकर सभी को भ्रमित करने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे