मौसम अलर्ट: उत्तराखंड समेत 4 राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, ये लोग सावधान रहें!
मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा समेत चार राज्यों में भारी से बहुत भारी (मूसलाधार) बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, इस दौरान मध्य और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ सकती है।
नई दिल्ली/ देहरादून (Uttarakhand Post) मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्सों पर एक कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा समेत चार राज्यों में भारी से बहुत भारी (मूसलाधार) बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, इस दौरान मध्य और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का हाल कुछ इस तरह रहेगा:
उत्तर भारत (उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली-NCR)
-
उत्तर प्रदेश: 10 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और 10 से 13 जुलाई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश का अनुमान है। इसके बाद 11 जुलाई को पश्चिमी यूपी और 12-14 जुलाई के दौरान पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। 14 से 16 जुलाई के बीच भी राज्य के कई हिस्सों में पानी बरसेगा।
-
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश: इन दोनों पहाड़ी राज्यों में आफत की बारिश का दौर जारी रहेगा। 10 से 16 जुलाई के दौरान यहाँ व्यापक और मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है।
-
हरियाणा, दिल्ली और पंजाब: दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब में 10 से 13 जुलाई के बीच भारी बारिश की संभावना है। 10 जुलाई को दिल्ली-हरियाणा में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि 11 से 16 जुलाई के बीच गरज-चमक के साथ रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहेगा।
-
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख: यहाँ 10 से 12 जुलाई के दौरान मौसम खराब रहेगा और 11-12 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है। राजस्थान में भी 10 से 16 जुलाई के बीच कई जगहों पर बौछारें पड़ने की उम्मीद है।
मध्य भारत (मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ)
-
मध्य प्रदेश: पश्चिमी मध्य प्रदेश में 10 से 16 जुलाई और पूर्वी मध्य प्रदेश में 11 से 14 जुलाई के बीच भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश में 15-16 जुलाई को एक बार फिर मूसलाधार बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
-
विदर्भ और छत्तीसगढ़: विदर्भ में 10-13 जुलाई और छत्तीसगढ़ में 11-12 जुलाई को भारी बारिश होगी। छत्तीसगढ़ में 10 से 14 जुलाई के बीच आंधी-तूफान चलने और बिजली गिरने (Lightning Alert) की भी आशंका जताई गई है।
पूर्वोत्तर भारत (आसाम, मेघालय और अरुणाचल)
पूर्वोत्तर के राज्यों (अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा) में 10 से 16 जुलाई के दौरान मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। अधिकांश हिस्सों में घने बादल छाए रहेंगे और बारिश होगी। इसके साथ ही 10-14 जुलाई के बीच इन राज्यों में तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है।
दक्षिण भारत का मौसम
दक्षिण भारतीय राज्यों (तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना और लक्षद्वीप) में 10 से 16 जुलाई के दौरान हल्की से मध्यम और छिटपुट बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 10 जुलाई को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, केरल, माहे और लक्षद्वीप में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी चलने की चेतावनी दी है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







