उत्तराखंड में मौसम का कहर! 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

  1. Home
  2. Dehradun

उत्तराखंड में मौसम का कहर! 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

Weather Rain Alert


 

 देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में आज, 30 अक्टूबर को मौसम का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है।

 

 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने नैनीताल, चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।

 

पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार, नैनीताल, चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और ओलावृष्टि हो सकती है। इसके अलावा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इन चार जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चम्पावत जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई है। लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं।

आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर

मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने संबंधित जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश

सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि जनसुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से काम करना होगा, ताकि किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

मौसम की चेतावनी को देखते हुए संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की जरूरत है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, आकाशीय बिजली चमकने पर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न हों तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे