उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा, गहरी खाई में गिरी कार, चार लोगों की मौत
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) मसूरी से हादसे की खबर सामने आ रही है । झड़ीपानी रोड स्थित बार्लोगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
पुलिस के अनुसार सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि झड़ीपानी रोड पर एक कार तीव्र ढलान से अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही थाना मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और अन्य राहत एजेंसियों को भी तत्काल बुलाया गया। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कार में चार लोग सवार बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि कार सवारों ने दुर्घटना से पहले पास की एक दुकान से कुछ सामान खरीदा था। बातचीत में उन्होंने स्वयं को उत्तरकाशी का बताया था। सामान लेने के बाद जैसे ही वे कार में बैठे, वाहन ढलान की ओर तेजी से बढ़ने लगा और नियंत्रण खोते हुए खाली प्लॉट से होकर गहरी खाई में जा गिरा।
कार में सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत (19 वर्ष), सविता पत्नी धर्मवीर निवासी नेहरू नगर, गाजियाबाद (48 वर्ष) तथा संगीता पत्नी टीटू निवासी करोलबाग, दिल्ली (46 वर्ष) सवार थे। चारों का शव खाई से निकाला गया। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तीव्र ढलान पर वाहन के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। घटनास्थल पर थाना मसूरी पुलिस, क्षेत्राधिकारी मसूरी तथा पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून भी मौजूद हैं । पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






