उत्तराखंड में फिर बदला मौसम का मिजाज, 8 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
मानसून की विदाई के बाद उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आंशिक बादल छाए हुए हैं और देर रात कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हुई।
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) मानसून की विदाई के बाद उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आंशिक बादल छाए हुए हैं और देर रात कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हुई।
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं, 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। जिससे प्रदेश में ठंड बढ़ सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, मंगलवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। मौसम को देखते हुए अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इसके अलावा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं।
मानसून की विदाई के बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर
उत्तराखंड से बीते शनिवार को मानसून की विदाई हो चुकी है। इसके बाद अब पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते प्रदेश के मौसम में बदलाव के आसार बने हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इसके प्रभाव से अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। हालांकि बारिश का प्रभाव पूरे प्रदेश में एक जैसा नहीं रहेगा।
4200 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी
बारिश के साथ-साथ प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है। 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट आने तथा ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम में बदलाव के कारण प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तापमान में उतार-चढ़ाव भी देखने को मिल सकता है।
पहाड़ों में बढ़ेगी ठंड, यात्रा से पहले मौसम की जानकारी जरूरी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बारिश और बर्फबारी के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हो सकती है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा पर जाने वाले लोगों को यात्रा से पहले मौसम का ताजा अपडेट जरूर लेने की सलाह दी गई है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे






