उत्तराखंड में गर्मी से मिलेगी राहत, 7 जिलों में तेज आंधी-तूफान का येलो अलर्ट, इस दिन तक मानसून की दस्तक के आसार

  1. Home
  2. Dehradun

उत्तराखंड में गर्मी से मिलेगी राहत, 7 जिलों में तेज आंधी-तूफान का येलो अलर्ट, इस दिन तक मानसून की दस्तक के आसार

weather alert


 

 देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  उत्तराखंड के लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।

 

 

मौसम विभाग ने 22 जून से प्रदेश के मौसम में बदलाव का पूर्वानुमान जारी किया है। हालांकि राहत के साथ-साथ सात जिलों के लिए तेज आंधी-तूफान का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। पिछले कई दिनों से देहरादून समेत मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी थी।

 

इन जिलों में तेज हवाओं और तूफान की चेतावनी

मौसम केंद्र के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक और आंधी-तूफान की संभावना भी जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं के आसपास सावधानी बरतने की अपील की है। पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को भी मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम रहेगा शुष्क

जहां एक ओर पहाड़ी जिलों में मौसम बदलने के संकेत हैं, वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। इन जिलों में गर्मी और उमस का असर जारी रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक इन क्षेत्रों में विशेष राहत मिलने के संकेत नहीं हैं।

22 से 25 जून के बीच मानसून की दस्तक संभव

मौसम विभाग के अनुसार 22 से 25 जून के बीच उत्तराखंड में मानसून प्रवेश कर सकता है। यदि ऐसा होता है तो प्रदेशभर में गर्मी से राहत मिलने के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ जाएंगी।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 27 जून तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। कहीं बारिश और तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं तो कहीं गर्मी का असर बना रह सकता है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे