उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, इन जिलों में येलो अलर्ट, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी

  1. Home
  2. Dehradun

उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, इन जिलों में येलो अलर्ट, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी

Rain Breaking


 देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मैदानी इलाकों में तेज धूप के कारण गर्मी बढ़ रही है, वहीं पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में मौसम बदलने के आसार हैं।

 

 

मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 11 जिलों में गरज-चमक, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून और उत्तरकाशी में कहीं-कहीं तीव्र वर्षा होने की संभावना भी जताई गई है।

इन 11 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, अल्मोड़ा, हरिद्वार, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

शुक्रवार को इन 5 जिलों में भी चेतावनी

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए भी पांच जिलों में खराब मौसम की संभावना जताई है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मैदानी इलाकों में गर्मी, पहाड़ों में छाए बादल

प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में दिन के समय तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले दो दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में गरज-चमक, ओलावृष्टि, बिजली गिरने और तेज हवाओं की आशंका वाले क्षेत्रों में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे