उत्तराखंड - देहरादून समेत तीन जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट)उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है। पर्वतीय क्षेत्रों में झमाझम बारिश का दौर जारी है, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश की रफ्तार कुछ कम हुई है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक और बौछारों की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर बारिश तेज से अति तेज भी हो सकती है।
मौसम विभाग ने देहरादून, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी गरज के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है।
पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश का दौर
प्रदेश के पर्वतीय जिलों में लगातार बारिश हो रही है। कई स्थानों पर तेज बौछारों के साथ बादलों की गर्जना देखने को मिल रही है। लगातार वर्षा के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क मार्ग बाधित होने का खतरा बना हुआ है।
प्रशासन और संबंधित विभागों ने संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है। बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। कहीं हल्की से मध्यम बारिश होगी तो कुछ स्थानों पर तेज वर्षा के दौर भी देखने को मिल सकते हैं।
बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान लोगों से खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है। संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने और मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा करने की सलाह दी गई है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







